Himachal Pradesh Weather: देश में मानसून का दौर जारी है. कहीं बारिश किसानों और लोगों के लिए राहत दे रही है तो कहीं यह आम नागरिकों के लिए आफत बन जा रही है. इस बीच शनिवार को हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई. इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात दिखे, वहीं कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड की भी खबर सामने आई.
राजधानी शिमला में लैंडस्लाइड ने लोगों को काफी परेशान किया है. सांगला में पिछले साल ही निर्मित एक बेली ब्रिज ढह गया और किन्नौर जिले में बाढ़ के पानी में एक मंजिला घर डूब गया, जिससे कई अन्य घरों के खतरे में पड़ गए.

मलबे की चपेट में घर
मिली जानकारी के अनुसार, हिमाचल की राजधानी शिमला के बोथवेल इलाके में संजौली कॉलेज के पास सड़क के नीचे बनी दीवार तड़के सुबह ढह गई, जिससे मलबा नीचे स्थित आवासीय मकानों की ओर खिसकने लगा. अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि नगर निगम ने इलाके में एक निजी निर्माण परियोजना के लिए अनुमति दी थी जिसमें खुदाई का काम शामिल था, जो लगातार बारिश के कारण अस्थिर हो गया, जिससे भूस्खलन हुआ.
निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और पूरे क्षेत्र का भूवैज्ञानिक निरीक्षण कराने की मांग करते हुए, निवासियों ने दावा किया कि तीन से चार इमारतें खतरे में हैं और कुछ घरों तक जाने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है. जानकारी के अनुसार, जून 2025 में उसी स्थान पर एक और भूस्खलन हुआ था, जिससे पहाड़ी से मलबा और चट्टानें नीचे स्थित आवासों पर गिर पड़ीं थीं.

शिमला में कई जगहों पर खतरा
शनिवार को शिमला के बाहरी इलाके मोहल राजहाना में एक और भूस्खलन हुआ, जिसमें खड़ी दो गाड़ियां चट्टानों, पत्थरों और मलबे के नीचे दब गईं. किन्नौर जिले में लगातार भारी बारिश के कारण लिप्पा नदी में पानी बढ़ गया, जिससे लिप्पा बस स्टैंड के पास एक मंजिला घर डूब गया, जबकि कई घरों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. तेज बाढ़ की पानी के कारण बस स्टैंड के पास मिट्टी का कटाव हो रहा है, जिससे सड़कों को भी नुकसान हो रहा है.
इसी बीच, सांगला बस स्टैंड के पास स्थित बेली पुल टोंगटोंगचे नाले में गिर गया. अधिकारियों ने शुक्रवार को इस पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था, जिसे पिछले साल ही स्थापित किया गया था.
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की कई पंचायतों का संपर्क टूट गया है और ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंचा है. कुछ स्थानों पर नदी के तेज बहाव के कारण आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है, जिससे हर रोज लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
भारी बारिश से थमा हिमाचल: शिमला की 27 सड़कें बंद, सिरमौर और सोलन में स्कूल बंद
News Source: PTI
