Uttarakhand Car Accident: 7 अगस्त की तारीख एक परिवार के लिए कभी ना भुलाए जाने वाले उस गहरे सदमे वाले एक दिन की तरह बन गई, जिस दिन उस परिवार के 6 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना उत्तराखंड में देवप्रयाग-पौड़ी रोड के पास हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो गाड़ी जिसमें कुल 7 लोग सवार थे, वे देवप्रयाग-पौड़ी रोड से जा रहे थे, तभी ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ा और बोलेरो देवप्रयाग-पौड़ी रोड के पास गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में एक तीन साल की बच्ची, उसकी मां, उसके पिता समेत एक ही परिवार के कुल छह लोगों की मौत हो गई. इस घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है. अब आइए जानते हैं पूरी खबर.
देवप्रयाग इलाके में डंपिंग जोन के पास हादसा
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी जिले में देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर एक कार के गहरी खाई गिर गई. इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया. यह हादसा देवप्रयाग इलाके में डंपिंग जोन के पास हुआ. SDRF ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से मालूम होता है कि हरिद्वार जिले के लक्सर इलाके का रहने वाला यह परिवार एक बोलेरो में जा रहा था, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया, जिससे वह खाई में गिर गई. बोलेरो गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे. घटनास्थल से छह लाशें मिलीं हैं, जिनमें एक महिला और तीन साल की बच्ची शामिल हैं. एसडीआरएफ ने बताया कि 16 साल का एक लड़का अरहम घायल मिला, जिसे स्थानीय लोग अस्पताल ले गए हैं.
इन 6 लोगों की मौत
वहीं, पुलिस ने एक ही परिवार के मरने वाले लोगों की पहचान कर ली है. जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के जिन छह लोगों की मौत हुई है, उनके नाम हैं – अफजल (49), उसके भाई गुफरान (34), अफजल की पत्नी सब्बू (40), बेटी अनामिया (3) व बेटे अमन (14) और अरमान (20). पुलिस ने आगे बताया कि अरहम, जो अकेला जिंदा बचा है, वह भी अफजल का बेटा है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट का भी निर्देश
उत्तराखंड में हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है और अधिकारियों को घायल लड़के का तुरंत इलाज पक्का करने का निर्देश दिया है. उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि अगर जरूरत हो तो उसे एयरलिफ्ट करके हायर मेडिकल सेंटर ले जाया जाए.
News Source: PTI
