Gorakhpur News: औद्योगिक विकास के मानचित्र पर तेजी से उभर रहे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है. पूर्वांचल के औद्योगिक कायाकल्प की धुरी बन चुके गीडा में पांच प्रमुख कंपनियां कुल 17650 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करेंगी. गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 29 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी की उपस्थिति में इन प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
यह विशाल पूंजी निवेश मुख्य रूप से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया), दवा निर्माण (फार्मास्युटिकल्स), धातु प्रसंस्करण, आसवनी (डिस्टिलरी) और मत्स्य आहार (फिश फीड) उत्पादन जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में किया जाएगा. इस पहल से न केवल पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे.कभी औद्योगिक पिछड़ेपन और बंद पड़ी इकाइयों के दंश से जूझने वाला गीडा बीते एक दशक में पसंदीदा इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हुआ है.
निवेशकों का जागा भरोसा
योगी के विजन और राज्य सरकार की पारदर्शी औद्योगिक नीतियों ने निवेशकों का भरोसा इस कदर जीता है कि आज कॉरपोरेट घराने गोरखपुर में अपनी इकाइयां लगाने के लिए आगे आ रहे हैं. स्थापना दिवस समारोह में होने जा रहे ये पांच बड़े करार इसी बदलते परिवेश और निवेशकों के अटूट विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं. गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विशाल कुमार का कहना है कि स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में 17650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए पांच नए एमओयू पर हस्ताक्षर होने के साथ ही गीडा विकास के एक नए युग में प्रवेश करेगा.
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित निवेश पर गौर करें तो एक्मे की तरफ से ग्रीन अमोनिया के क्षेत्र में होने वाला 16000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश जहां पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ईंधन के लक्ष्यों को पूरा करने में सहायक होगा, वहीं 500-500 करोड़ रुपये के निवेश वाली दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण की इकाइयां क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन को बढ़ावा देंगी. इसके अतिरिक्त, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए 500 करोड़ रुपये की आसवनी इकाई और 150 करोड़ रुपये की मत्स्य आहार की परियोजनाएं भी इस निवेश का अहम हिस्सा हैं.
सुदृढ़ कानून-व्यवस्था से निवेशकों का बढ़ा मनोबल
गीडा की इस विकासपरक छलांग के पीछे पिछले एक दशक में मजबूत कानून व्यवस्था के आलोक में तैयार किया गया विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रशासनिक सुगमता है. प्राधिकरण ने निवेशकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लैंड बैंक का तेजी से विस्तार किया है. धुरियापार इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास ने बड़े उद्योगों के लिए भूमि की उपलब्धता को बेहद आसान बना दिया है. इसके साथ ही गीडा क्षेत्र में चौड़ी सड़कों का जाल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर जल निकासी प्रणाली और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने उद्योगपतियों के सामने मौजूद पुरानी चुनौतियों को पूरी तरह समाप्त कर दिया है.
ये हैं कंपनियां
- एक्मे (ACME) कंपनी की ओर से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया) परियोजना के लिए 16000 करोड़ रुपये.
- सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा. लिमिटेड की ओर से दवा निर्माण की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये.
- आर्बिट ग्रुप की ओर से आयरन/स्टील/एल्युमीनियम व्हील रोलिंग की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये.
- एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज की ओर से आसवनी (डिस्टिलरी) परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये.
- दीपक नेक्सजेन फीड्स प्रा. लिमिटेड की ओर से मत्स्य आहार (फिश फीड्स) परियोजना के लिए 150 करोड़ रुपये.
विकास को रफ्तार : लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी, बाराबंकी में बनेगा नया प्राधिकरण
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
