Home Latest News & Updates योगी ही उपयोगी! नितिन नबीन का सीधा संदेश, दो दिन के दौरे में पार्टी के साथ सहयोगी दलों को भी सहेजा

योगी ही उपयोगी! नितिन नबीन का सीधा संदेश, दो दिन के दौरे में पार्टी के साथ सहयोगी दलों को भी सहेजा

by Rajeev Ojha 6 July 2026, 2:33 PM IST (Updated 6 July 2026, 4:38 PM IST)
6 July 2026, 2:33 PM IST (Updated 6 July 2026, 4:38 PM IST)
Nitin Nabin CM Yogi Meeting

Nitin Nabin CM Yogi Meeting: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का दो दिवसीय यूपी दौरा पार्टी की प्रदेश इकाई और चारों सहयोगी दलों के लिए बेहद खास सियासी संदेशों के साथ समाप्त हुआ. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को चेताया और कार्यकर्ताओं को पूरे आक्रामक तरीके से विपक्ष के हमलों का जवाब देने की नसीहत दी. उन्होंने यह साफ संदेश भी दिया कि ‘योगी ही उपयोगी’ हैं और उन्हीं के नाम पर 2027 के चुनाव में जाना है. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कमेटी, क्षेत्रीय अध्यक्षों और मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की शुरुआत की. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और पार्टी के सांसदों-विधायकों के अलावा सहयोगी दलों के नेताओं के साथ भी बैठक की. इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे.

सांसदों-विधायकों को नसीहत

नितिन नबीन ने लखनऊ के ताज होटल में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और सांसदों-विधायकों के साथ बैठक में कहा- ‘हमें ऐसी कोई बयानबाजी नहीं करनी है, जो संगठन या सरकार के खिलाफ हो. इसके अलावा अपनी हर बैठक में उन्होंने दोहराया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बेहतर काम कर रही है. योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना है. उन्हीं के आधार पर चुनाव में उतरना है.”

राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले नबीन

नितिन नबीन ने अपने दौरे में उन विवादित मुद्दों पर भी खुलकर बात की, जो आजकल पार्टी को असहज कर रहे हैं. बंद कमरे के बाद खुले मंच से भी वह राम मंदिर के चढ़ावा चोरी विवाद पर बोले. उन्होंने कहा कि राम मंदिर मामले पर कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं. ये वही लोग हैं, जिन्होंने प्रभु राम के होने पर सवाल उठाया था. रामेश्वरम पर सवाल खड़े किए थे. वे राम को काल्पनिक बताने वाले हैं और कारसेवकों पर गोलियां चलाने वाले हैं. हिंदू धर्म पर ये बात कर ही नहीं कर सकते हैं. आरएसएस और विहिप ने हिंदू धर्म के लिए बहुत कुछ किया है.

उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल को समझना होगा कि हिंदू कमजोर नहीं है, वह भ्रमित नहीं होगा. जब भी हिंदू देवी देवताओं का अपमान होता है तो ये चुप रहते हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना से हिंदू समाज के साथ हम सभी आस्थावान लोग भी व्यथित हैं. यही वजह है कि घटना सामने आने के बाद सरकार और ट्रस्ट ने उचित कार्रवाई की है. ऐसा करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी हो रही है, आगे भी होगी. ऐसे लोगों को दंड जरूर मिलेगा. हमें ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सावधान रहने की जरूरत है. इस मुद्दे को विपक्ष के वही लोग हवा देकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं. विपक्ष के लिए राम मंदिर सिर्फ एक मुद्दा है और हमारे लिए आस्था का केंद्र है.

UGC पर मानी गलती

यूजीसी के मुद्दे पर भी नितिन नबीन खुलकर बोले. उन्होंने कहा कि हम भी मानते हैं शब्दों के चयन में कुछ गलतियां हुई हैं. इसे ठीक भी कर दिया गया है, लेकिन इसे मुद्दा नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार में गलती होती है तो उसे मुद्दा नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जातियों में बंटकर विरोध जताना उचित नहीं है. इसका फायदा विपक्ष उठाता है. हमें तो एकजुट होकर विपक्ष के भ्रामक सवालों का मुखरता से जवाब देना चाहिए.

सहयोगियों को साधा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने NDA के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ भी बैठक की और दो टूक कहा कि जिताऊ उम्मीदवारों को ही चुनाव लड़ाया जाएगा. इस बैठक में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर और अपना दल (एस) के आशीष पटेल मौजूद रहे. इनमें संजय निषाद, ओम प्रकाश राजभर और आशीष पटेल योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं. सहयोगी दलों ने 2027 के चुनाव को लेकर रणनीतिक सुझाव भी दिए.

आम और चाय का लुत्फ उठाया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके घरों पर जाकर मुलाकात की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के घर उन्होंने भोजन किया तो उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के घर आम का स्वाद चखा. इसके साथ ही लखनऊ की मशहूर शर्मा की चाय पर चाय, बन और समोसे का आनंद लिया. उन्होंने पार्टी नेताओं को संदेश दिया कि पब्लिक कनेक्ट बहुत जरूरी है. चेतावनी वाले लहजे में कहा कि सभी पदाधिकारियों के लिए प्रवास करना अनिवार्य है, जो नहीं कर सकते वे पार्टी का पद छोड़ दें.

नबीन ने भरा जोशः UP में 2017 जैसी बड़ी जीत दोहराने का संकल्प, SP की वापसी मतलब गुंडा राज

News Source: PTI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?