UP News : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को प्रयागराज पहुंचे. यहां पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान यूपी में बेसिक स्कूलों को बंद किए जाने के अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने का काम किया गया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘सूप बोले तो बोले, चलनी न बोले.’ अखिलेश यादव के 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर किए जा रहे दावों पर भी केशव मौर्य ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 2047 तक इंतजार करें, अभी 2027 में उनके लिए कुछ नहीं है. डिप्टी सीएम ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज को देख रही है और आने वाले चुनाव में भी जनता का समर्थन भाजपा के साथ रहेगा.
नकल अध्यादेश खत्म करने का लगाया आरोप
शिक्षा व्यवस्था को लेकर केशव मौर्य ने सपा के पुराने शासन को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि बाबू कल्याण सिंह की सरकार ने नकल रोकने के लिए नकल अध्यादेश लागू किया था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार आने के बाद उसे समाप्त कर दिया गया और नकल की खुली छूट दे दी गई. डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की मंशा रही है कि लोग पढ़-लिखकर आगे न बढ़ें. उनके मुताबिक, सपा अराजकता की ताकत खड़ी करना चाहती है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार किया जा रहा है.
डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने SP पर साधा निशाना, कहा- यह अब एक ‘समाप्तवादी पार्टी’ है
बोले- स्कूल बंद नहीं, कायाकल्प हो रहा
बेसिक स्कूलों को बंद किए जाने के आरोपों को केशव मौर्य ने बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को बंद नहीं कर रही है, बल्कि उनका कायाकल्प किया जा रहा है. जरूरत के अनुसार स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है. इसका असर छात्रों की संख्या पर भी दिखाई दे रहा है. सरकार की ओर से विद्यार्थियों को मिड-डे मील, ड्रेस, कॉपी-किताब समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
गुणवत्ता खराब मिली तो कार्रवाई
अयोध्या से चित्रकूट के लिए बन रहे राम वन गमन मार्ग के श्रृंगवेरपुर धाम में सड़क धंसने को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बारिश के कारण सड़क को नुकसान पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि सड़क जब बनेगी तो धंसेगी और धंसेगी तो फिर बनेगी. उन्होंने बारिश का उदाहरण देते हुए कहा कि नेपाल में बड़े-बड़े पुल तक बह गए हैं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यदि कहीं सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है तो उसकी जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि जहां सड़क धंसी है, वहां उसका सुधार कराया जाएगा.
‘सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार…’ केशव प्रसाद मौर्य ने किया बड़ा दावा; OP राजभर भी बोले
उत्तर प्रदेश से विकास मिश्रा की रिपोर्ट
