Seva Foundation: हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन द्वारा आगामी 26 से 30 नवंबर तक कानपुर के ब्रजेन्द्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन किया जा रहा है. मेले की तैयारियों का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ हुआ. भूमि पूजन का अनुष्ठान बलवंत भाऊ शास्त्री पटवर्धन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. वे गुरु मुख से चारों वेदों के ज्ञाता हैं.
युवाओं को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
इस अवसर पर फाउंडेशन के कानपुर अध्यक्ष संजीव दीक्षित ने बताया कि मेले का प्रमुख उद्देश्य भारतीय सनातन परंपराओं, जीवन मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है. विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. आयोजन के माध्यम से प्रकृति, गौवंश, तुलसी, गुरु, माता-पिता और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं कर्तव्यबोध की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा.
देशभर से जुटेंगे संत-महात्मा और आध्यात्मिक चिंतक
इस पांच दिवसीय मेले में सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, भारतीय परंपराओं एवं सेवा कार्यों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. देशभर से संत-महात्मा, आध्यात्मिक चिंतक एवं सेवा कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे. विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और सेवा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. कहा कि मेले का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की भव्य भजन संध्या होगी. इसके साथ ही हनुमान अंश के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर होंगे.
नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की अनूठी पहल
आयोजकों के अनुसार, इस भव्य आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज में सेवा, संस्कार, प्रकृति संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करना है. खास तौर पर नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में यह मेला एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा. भूमि पूजन के साथ ही कानपुर में हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले की तैयारियों ने गति पकड़ ली है. आगामी 26 से 30 नवंबर तक ब्रजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित होने वाला यह मेला आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सेवा का भव्य केंद्र बनेगा.
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर आचार्य प्रमोद जी तिवारी भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत कोठारी, क्षेत्रीय संयोजक अमरनाथ, कार्यक्रम संयोजक नवेंदु शुक्ला, कानपुर अध्यक्ष संजीव दीक्षित, अरविंद दीक्षित, गौरव भदौरिया, नीतू सिंह, विनीत, नीरज, सुनील, राजेश, वैभव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
छठ पूजा पर बिहार के घाटों की चाक-चौबंद सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर रहेंगे गोताखोर, SDRF और NDRF तैनात
