Social Media: सोशल मीडिया पर रील बनाने और ज्यादा से ज्यादा व्यूज पाने की चाहत में कुछ युवक अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं. गोरखपुर में एक ऐसा ही खतरनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सात युवक सवार होकर हाईवे के फ्लाईओवर पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और युवकों की पहचान करने में जुट गई है. वायरल वीडियो में बाइक पर आगे से लेकर पीछे तक सात युवक बैठे दिखाई दे रहे हैं.
दिखा रहे खतरनाक करतब
किसी ने हेलमेट नहीं पहना है. बाइक की टंकी पर दो, बीच में दो और पीछे तीन युवक सवार हैं. सभी एक-दूसरे को पकड़कर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ा रहे हैं. इस दौरान युवक कैमरे की तरफ देखकर हंसते हुए रील बनाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में बाइक पर नंबर प्लेट भी दिखाई दे रही है. वीडियो पर ‘हीरो स्प्लेंडर प्लस का पावर’ लिखकर इस खतरनाक करतब को दिखाया गया है. इंस्टाग्राम पर वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई और गोरखपुर पुलिस के एक्स हैंडल को टैग कर कार्रवाई की मांग की है.
युवकों की हो रही पहचान : पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक
लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह सड़क पर स्टंट करना बेहद खतरनाक है. इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. मामले में गोरखपुर पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी मिली है. वीडियो के आधार पर युवकों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है.
उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कहा कि पहचान होने और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि रील बनाने के नाम पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे रील्स न बनाएं जो खुद के साथ-साथ दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो. चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दिल दहला देने वाली घटना : 9वीं के छात्र ने मां पर किया कातिलाना हमला, फिर खुद भी दे दी जान
- गोरखपुर से हरेन्द्र दुबे की रिपोर्ट
