Home Latest News & Updates भारत और नेपाल के बीच जल्द दौड़ेगी ट्रेन, जनकपुर से सीधे जुड़ेगा अयोध्या धाम, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

भारत और नेपाल के बीच जल्द दौड़ेगी ट्रेन, जनकपुर से सीधे जुड़ेगा अयोध्या धाम, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

by Sanjay Kumar Srivastava 14 November 2026, 6:45 PM IST (Updated 14 November 2026, 6:46 PM IST)
14 November 2026, 6:45 PM IST (Updated 14 November 2026, 6:46 PM IST)
भारत और नेपाल के बीच जल्द दौड़ेगी नई ट्रेन, जनकपुर धाम से सीधे जुड़ेगा अयोध्या धाम, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

India-Nepal Train: भारत और नेपाल के बीच जल्द ही एक नई अंतरराष्ट्रीय ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है. यह विशेष ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच चलेगी. इस सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. हालांकि, ट्रेन के संचालन की आधिकारिक तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रेलवे बोर्ड ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है.

सप्ताह में एक बार चलेगी ट्रेन

हालांकि, बोर्ड ने अभी तक यह घोषणा नहीं की है कि इसका कमर्शियल परिचालन (व्यावसायिक सेवा) कब शुरू होगा. लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह साप्ताहिक सेवा जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ेगी और बिहार तथा उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी. अपने टर्मिनल स्टेशनों के अलावा यह ट्रेन जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में भी रुकेगी. यह सेवा सप्ताह में एक बार चलेगी. ट्रेन शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी.

रेलवे बोर्ड ने कहा कि यह सेवा रामायण परंपरा से गहराई से जुड़े दो स्थानों माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर धाम और प्रभु श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क स्थापित करेगी. इसमें कहा गया है कि यह पहल दोनों देशों के यात्रियों को इन प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी, साथ ही उनकी साझा सभ्यतागत विरासत को भी मजबूत करेगी.

दोनों देशों के संबंधों को मिलेगी मजबूती

बोर्ड ने बताया कि इस नई सेवा से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए सीमा पार की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है. इसमें कहा गया कि यह जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राओं को आसान बनाएगी, रामायण से जुड़े पर्यटन सर्किट को बढ़ावा देगी और शिक्षा, व्यापार तथा पारिवारिक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों की आवाजाही को और सुगम बनाएगी. भारत-नेपाल मित्रता को मजबूत करने के संदर्भ में अधिकारियों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध हैं, जिनमें धार्मिक परंपराएं और सीमा पार के सामुदायिक रिश्ते इस साझेदारी का एक अहम हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि यह नई ट्रेन सेवा रेलवे कनेक्टिविटी के जरिए समुदायों को करीब लाकर द्विपक्षीय सहयोग को एक नया आयाम देगी.

रामलीला मैदान में अब मनमानी नहीं! प्रदर्शन के लिए 50 हजार लोगों की लिमिट, टाइमिंग भी होगी तय!

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?