Bihar MLC Election 2026: बिहार में एक बार फिर चुनावी माहौल गर्म हो गया है. शुक्रवार सुबह 8 बजे से विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है. इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. खास बात ये है कि इस चुनाव में सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच ही मुकाबला नहीं है, बल्कि कुछ सीटों पर अपनी ही पार्टी के नेताओं के बीच खींचतान देखने को मिल रही है.
5.32 लाख से ज्यादा मतदाता
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, कुल 5,32,847 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं. इनमें 1,46,611 महिलाएं और 37 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए 933 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी.
JDU के अंदर सियासी मुकाबला
इस चुनाव की सबसे दिलचस्प लड़ाई पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में देखने को मिल रही है. यहां जनता दल यूनाइटेड यानी JDU ने पूर्व मंत्री नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. नीरज कुमार लगातार चौथी बार इस सीट से जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है. उनका आरोप है कि पिछले विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था. अब इस राजनीतिक खींचतान ने पटना की चुनावी लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है.
किन सीटों पर हो रहा चुनाव?
इस बार पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक और कोसी स्नातक सीटों पर मतदान हो रहा है. इसके अलावा पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी वोट डाले जा रहे हैं. इन सीटों के मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म होने वाला है.
BJP और JDU ने कैसे बांटी सीटें?
सत्तारूढ़ गठबंधन में बीजेपी और जेडीयू ने चार-चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. बीजेपी की तरफ से नवल किशोर यादव पटना शिक्षक, एनके यादव कोसी स्नातक और सर्वेश कुमार तिरहुत स्नातक सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र कुमार सिंह को टिकट दिया गया है. फिलहाल ये सीट विपक्षी INDIA गठबंधन में शामिल सीपीआई के संजय कुमार सिंह के पास है.
प्रशांत किशोर की पार्टी
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. पार्टी ने अपनी शुरुआती सूची में बदलाव करते हुए तिरहुत शिक्षक सीट से श्याम नंदन यादव और दरभंगा स्नातक सीट से मोहम्मद इम्तियाज नूरानी को उम्मीदवार बनाया है. अब सबकी नजरें 27 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद पता चलेगा कि बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर किसका सिक्का चलता है.
News Source: ANI
आखिर क्यों अखिलेश को आई आजम की याद? UP में ओवैसी का डर या दरकता M-Y समीकरण
