Haryana Power Cut News: दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह में बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बुधवार रात 10 बजे से कई इलाकों में बिजली गुल है. हालात ऐसे हैं कि कहीं घरों के इन्वर्टर जवाब दे गए हैं, तो कहीं फैक्ट्रियों की मशीनें बंद पड़ी हैं. बिजली के साथ पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है. इस परेशानी की वजह दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के कर्मचारियों की हड़ताल है.
3000 से ज्यादा शिकायतें
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर हजारों उपभोक्ताओं पर पड़ा है. गुरुवार को एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हड़ताल शुरू होने के महज 12 घंटों के भीतर बिजली विभाग को 3,000 से ज्यादा शिकायतें मिलीं. लंबे पावर कट से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगड़ गई है. कई घरों में इन्वर्टर की बैटरी खत्म होने के बाद लोगों को जनरेटर का सहारा लेना पड़ा.
क्यों हड़ताल पर हैं कर्मचारी?
दरअसल, हरियाणा विद्युत नियामक आयोग ने गुरुग्राम और नूंह जिलों में एक निजी कंपनी को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने का फैसला किया है. बिजली कर्मचारी इसी फैसले का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि बिजली वितरण में निजी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने का ये कदम सही नहीं है. गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह ने देर रात तक कर्मचारियों के साथ बैठक की और उनसे हड़ताल खत्म करने की अपील की. हालांकि, बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला.
यमुना की सफाई के लिए 9,000 करोड़ की परियोजनाएं शुरू, वैज्ञानिक रोडमैप के साथ आगे बढ़ेगी सरकार
करोड़ों के नुकसान की बात
बिजली संकट का सबसे बड़ा असर औद्योगिक इलाकों पर दिखाई दिया. गुरुग्राम के सेक्टर-37, कादीपुर और बसई में कई फैक्ट्रियों का काम रुक गया. प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने बताया कि बुधवार रात से बिजली नहीं होने के कारण मशीनें और उत्पादन बंद हैं. उन्होंने चिंता जताई कि बिजली जल्द बहाल नहीं हुई, तो उद्योगों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है. इससे तैयार माल की सप्लाई और डिलीवरी भी प्रभावित होगी.
पानी की भी किल्लत
कई रिहायशी इलाकों में बिजली नहीं होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है. लोग टंकियों में बचे पानी से काम चला रहे हैं. स्थानीय निवासी शिव कुमार शर्मा ने नाराजगी जताते हुए सरकार से तुरंत समाधान निकालने की मांग की. उन्होंने कहा कि बिजली और पानी दोनों जरूरी सेवाएं हैं.
सड़क पर उतरे लोग
फरीदाबाद के न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप-2 इलाके में बिजली कटौती से परेशान लोग सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की. सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. वहीं, नूंह के पुन्हाना, नगीना और फिरोजपुर झिरका में भी बिजली संकट से जनजीवन प्रभावित हुआ. फिलहाल कर्मचारियों की हड़ताल और बिजली संकट ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. लोगों को अब बिजली बहाल होने का इंतजार है.
News Source: ANI
आखिर क्यों अखिलेश को आई आजम की याद? UP में ओवैसी का डर या दरकता M-Y समीकरण
