Dehradun Accident: उत्तराखंड के देहरादून में मंगलवार को भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
Dehradun Accident: उत्तराखंड के देहरादून में मंगलवार को भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के जवानों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने घायलों के समुचित इलाज का निर्देश अधिकारियों को दिया है. मंगलवार तड़के देहरादून के विकासनगर इलाके में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक बस गहरी खाई में गिर गई. जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा गंभीर घायल हो गए. बस में करीब 35 यात्री सवार थे. दुर्घटना की सूचना मिलते ही डाकपत्थर, चकराता, मोरी और तिउनी में तैनात SDRF टीमों को भेजा गया.
हिमाचल परिवहन निगम की थी बस
हादसा हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही HRTC बस के क्वानू क्षेत्र के पास सुदोई खड्ड के नजदीक हुआ. बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से नेहवा पहुंची थी और मीनास-क्वानू-हरिपुर मार्ग से होते हुए पांवटा साहिब की ओर जा रही थी. दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीनास-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास एक ट्रक को रास्ता देते समय सड़क का किनारा टूट गया, परिणामस्वरूप यात्रियों से भरी HRTC बस का संतुलन बिगड़ गया. जिससे बस गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों में सहायता करने लगे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं.
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री धामी ने एक पोस्ट में कहा कि हमें कालसी क्षेत्र (देहरादून) में क्वानु-मिनास मोटर रोड पर हिमाचल परिवहन निगम की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की बेहद दुखद खबर मिली है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैंने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात की और आवश्यक निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस ने राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया है.सभी नजदीकी चिकित्सा केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सीएम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करके उन्नत चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा. मैं सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं. उन्होंने कहा कि बचाव और राहत अभियान चला कर अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ेंः जहरीले सिरप ने ली एक और बच्चे की जान, 4 महीने कोमा में रहने के बाद 4 साल के हर्ष…
News Source: Press Trust of India (PTI)
