Bhagalpur Accident: भागलपुर में दयालपुर मोड़ पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 11 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. हादसे से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है.
25 February, 2026
- भागलपुर से अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
भागलपुर में भीषण सड़क हादसे में छह सेकेंड में चार लोगों की मौत हो गई और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना, झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर में मंगलवार शाम करीब 5:00 बजे की है। हादसे के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद ई-रिक्शा पर सवार लोगों का सामान सड़क पर बिखरा नजर आया। कुछ घायल सड़क किनारे पड़े हुए थे, जिनके हाथ-पैर टूटे हुए थे। मृतकों में से एक की लाश सड़कों पर बिखरी पड़ी मिली. दूसरा शव टोटो पर पड़ा हुआ था। लोग एक-दूसरे की मदद करते नजर आए। मृतकों की पहचान खगड़िया के मोरकाही थाना क्षेत्र निवासी अमन निषाद के पुत्र कुणाल कुमार (6), कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के चमेली ग्राम निवासी शिबू मंडल के पुत्र अरविंद मंडल (40), पुलिस जिला नवगछिया थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी पूर्मी देवी (35) तथा उनके पति सुनील दास (40) के रूप में की गई है।
रिपोर्टर ने क्या देखा
टक्कर के महज आधे घंटे बाद मौके पर लाइव टाइम्स रिपोर्टर पहुंचे, जहां टोटो का ऊपरी हिस्सा, पिकअप का अगला हिस्सा और बस का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। कुछ लाशें सड़क पर बिखरी पड़ी थीं। हादसे में सुरक्षित बचे लोग घायलों को किसी तरह संभाल रहे थे। वहीं राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। घटना के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल और भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया। सभी मृतकों के शव को भी एंबुलेंस के जरिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। मौके पर सिर्फ क्षतिग्रस्त वाहन, खून के धब्बे, बच्चों की चप्पलें और इलाज से जुड़े कुछ कागजात पड़े थे, जिनसे मृतकों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। सूचना के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस शवों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज चुकी थी और घायलों को इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। 6 घायलों में दो की स्थिति नाजुक बनी हुई थी, जिसके बाद मायागंज से उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया।

हादसे के पीछे का कारण
दरअसल, जिस जगह यह हादसा हुआ वह दयालपुर मोड़ कहलाता है। कहा जा रहा है कि पिकअप तेज रफ्तार में थी और उसने टोटो में टक्कर मारी, उसी दौरान 70 की रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित बस ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप में सवार 15 मजदूर सड़क पर गिर गए, जिससे कई को आंशिक चोटें और कई को गंभीर चोटें आईं। इनमें एक की मौत हो गई। सभी मजदूर बगड़ी भट्ठा से काम कर मालिक के दूसरे भट्ठा दयालपुर की ओर जा रहे थे। हादसे में सुरक्षित बचे मजदूर राजू मंडल ने बताया, “हम पिकअप मैजिक पर बैठे थे। इसी बीच टक्कर हुई। टक्कर के बाद हम लोग सड़क पर फेंका गए। पिकअप में 15 से ज्यादा मजदूर थे। रिक्शा पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पिकअप पर सवार एक मजदूर की मौत हुई है।”
मृतक के परिजन का बयान
उन्होंने कहा, “घटना के तुरंत बाद लोगों ने एक-दूसरे की मदद की। पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे। तब सभी को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।” इधर पुलिस की सूचना पर मृतक मासूम कुणाल के दादा नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लाइव टाइम्स से बातचीत में कहा, “मुझे जानकारी मिली कि सड़क हादसा हुआ है और कुणाल इस हादसे में मारा गया है। उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया है।” उन्होंने आगे कहा, “दोनों माता-पिता पिछले कई दिनों से मायागंज अस्पताल में इलाज करा रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र भी था। कुणाल के नाना की मृत्यु हो गई थी, जिन्हें देखने के लिए वे अंबो गांव जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।” घटना की सूचना के बाद नवगछिया एसडीएम, नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार और भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सहित आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे के स्थान पर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाया गया।

पुलिस की अपील
मामले पर नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि झंडापुर थाना को सूचना मिली थी कि एक प्राइवेट बस और दो छोटी वाहनों में टक्कर हुई है, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस समय पर मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं, एसडीपीओ और एसडीएम घटनास्थल पर पहुंचे थे। डीएम भी मौके पर आए थे। प्रथम दृष्टया में बस की तेज रफ्तार के कारण हादसा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्पीड लिमिट में रहकर वाहन चलाएं।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है, ताकि कोई कागजात बरामद हो सके जिससे पहचान सुनिश्चित हो। परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी कहीं निकलें तो पर्याप्त समय लेकर निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है। सरकार द्वारा इसके चौड़ीकरण को लेकर प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन धीरे चलाएं।
यह भी पढ़ें- MP के भगौरिया लोकपर्व को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, किसानों के लिए बोनस और कृषि पर कैबिनेट का बड़ा ऐलान
