President Vrindavan Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 और 20 मार्च को मथुरा-वृंदावन जाएंगी. उनके आगमन से पहले धर्मनगरी को सजाया जा रहा है. गलियों की सफाई की जा रही है, वहीं दीवारों पर सुंदर चित्र बनाए जा रहे हैं.
17 March, 2026
- मथुरा से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित तीन दिवसीय मथुरा-वृन्दावन दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 19 और 20 मार्च को धर्मनगरी में रहेंगी, जहां वह प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में दर्शन-पूजन करेंगी. 21 मार्च को महामहिम गोवर्धन में गोल्फ कार्ट से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा भी करेंगी. वृंदावन के नटखट बंदरों के लिए स्पेशल इंतजाम किया जा रहा है.

दीवारों पर चित्रकारी, गड्ढे भी भरें
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए वृन्दावन को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है. नगर निगम द्वारा राष्ट्रपति के निर्धारित रूट की सड़कों के गड्ढे भरवाए जा रहे हैं और दीवारों पर भगवान की सुंदर चित्रकारी कराई जा रही है. स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर की तैनाती की गई है. नगरायुक्त जग प्रवेश ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि महामहिम का कार्यक्रम 19 से 21 मार्च तक प्रस्तावित है. उन्होंने स्वयं रूट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा है. नगरायुक्त ने बताया कि चूंकि राष्ट्रपति दो दिन वृन्दावन में निवास करेंगी, इसलिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. बाहर से भी अतिरिक्त सफाईकर्मी बुलाए गए हैं. पानी, साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया है. देश की प्रथम नागरिक होने के नाते उनके प्रोटोकॉल का पूरी भव्यता के साथ पालन किया जाएगा.
बंदरों के लिए लगाए लंगूरों के कटआउट

मथुरा- वृंदावन के शरारती ‘चश्मा चोर’ बंदरों से निपटने के लिए प्रशासन लंगूरों के कटआउट लगाने कर रहा हैं. गौरतलब है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी बने ये बंदर अक्सर लोगों का चश्मा छीन लेते हैं और बदले में खाने-पीने की चीजें मांगते है. आपको बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 19 मार्च से प्रस्तावित 3 दिवसीय दौरे को देखते हुए प्रशासन के सामने इन बंदरों से निपटना बड़ी चुनौती बन गया है. इसी समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने नई तरकीब निकाली है. गलियों में लंगूरों के कटआउट लगाए जा रहे हैं, क्योंकि बंदर लंगूरों से डरते हैं.
साफ-सफाई हुई तेज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के तीन दिवसीय मथुरा-वृन्दावन आगमन को लेकर तैयारियां तेज, दुल्हन की तरह सजाई जा रही धर्मनगरी. माना जा रहा है कि 19 और 20 मार्च को राष्ट्रपति वृन्दावन के बांके बिहारी मंदिर समेत अन्य प्रमुख सिद्ध पीठों पर हाजिरी देंगी. जिला प्रशासन और नगर निगम का पूरा जोर इस बात पर है कि महामहिम के इस दौरे के दौरान धर्मनगरी की छवि स्वच्छ और आध्यात्मिक नजर आए.
यह भी पढ़ें- पद्म सम्मान 2027: आम जनता भी कर सकेगी योग्य उम्मीदवारों की सिफारिश, ऑनलाइन पोर्टल खुला
