Dhurandhar 2: बॉलीवुड के असली ‘धुरंधर’ रणवीर सिंह इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाए हुए हैं. उनकी फिल्म ने कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़े हैं, आज उसी के बारे में जानते हैं.
31 March, 2026
भारतीय सिनेमा के इतिहास में टाइम-टाइम पर ऐसी फिल्में बनती रहती हैं, जो सिर्फ एंटरटेन नहीं करतीं, बल्कि इतिहास के पन्नों पर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिख देती हैं. आजकल बॉक्स ऑफिस पर एक ही नाम की गूंज है और वो है, ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने वो कारनामा कर दिखाया है जिसका सपना हर फिल्म मेकर देखता है. सिर्फ 11 दिनों के अंदर इस फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. इसके साथ ही ये फिल्म ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ जैसे बड़ी फिल्मों की लाइन में सबसे आगे खड़ी हो गई है.

रिकॉर्ड्स की झड़ी
रणवीर सिंह ने अपनी दमदार एक्टिंग और ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी के लिए ऑडियन्स के क्रेज को एक नए लेवल पर पहुंचा दिया है. ‘धुरंधर 2’ न सिर्फ एक ब्लॉकबस्टर साबित हुई है, बल्कि इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे तेजी से 1000 करोड़ कमाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. दिलचस्प बात ये है कि इस खिताब को हासिल करने वाली ये अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के साथ नंबर वन पर खड़ी है. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती. ‘धुरंधर’ भारत की इकलौती ऐसी फिल्म सीरीज बन गई है जिसकी दोनों फिल्मों ने घरेलू और इंटरनेशनल लेवल पर 1000-1000 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया है. रणवीर सिंह की इस फिल्म का पहला पार्ट सिर्फ 4 महीने पहले रिलीज हइआ था और उसने भी 1000 करोड़ का आंकड़ा छुआ था. वैसे, बॉलीवुड के लिए ये किसी मैजिक से कम नहीं है, क्योंकि ‘धुरंधर’ पहली ऐसी हिंदी फिल्म फ्रैंचाइजी है जिसने साउथ इंडियन फिल्मों के दबदबे को कड़ी टक्कर दी है.

‘बाहुबलियों’ से मुकाबला
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का क्लब बहुत खास है. इस लिस्ट में अब तक सिर्फ चुनिंदा फिल्मों को जगह मिली है. एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ ने 2017 में इस ट्रेंड की शुरुआत की थी. इसके बाद ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ और ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने इस बेंचमार्क को आगे बढ़ाया. अब ‘धुरंधर 2’ ने इस एलीट ग्रुप में अपनी जगह पक्की कर ली है. अगर हम आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘पुष्पा 2’ (तेलुगु) 1471.10 करोड़ रुपये के साथ टॉप पर है. वहीं, ‘बाहुबली 2’ 1416.90 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर है. वहीं, ‘धुरंधर 2’ ने अब तक भारत में लगभग 1011.95 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. जिस रफ्तार से रणवीर सिंह की ये फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखकर लग रहा है कि जल्द ही ये नंबर 1 की कुर्सी पर भी कब्जा कर लेगी.
यह भी पढ़ेंःAditya Dhar का मैजिक और Ranveer Singh का एक्शन, America में सबसे बड़ी फिल्म बनने की दहलीज पर Dhurandhar

वर्ल्डवाइड कलेक्शन
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी ‘धुरंधर’ का डंका बज रहा है. फिल्म ने रिलीज के 12 दिनों के अंदर दुनिया भर में लगभग 1392.23 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसमें भारत का कलेक्शन 1042.23 करोड़ रुपये है. वहीं, विदेशी मार्केट से 350 करोड़ रुपये आए हैं. दूसरे सोमवार को भी फिल्म की पकड़ ढीली नहीं पड़ी और इसने वर्किंग डे होने के बावजूद 25 करोड़ से ज्यादा की कमाई की.

धुरंधर का क्रेज
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर’ एक स्पाई थ्रिलर है, जो ऑडियन्स को अपनी कुर्सी से बांधे रखने में सक्सेसफुल रही है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, रणवीर सिंह का एक्शन अवतार और कहानी का सस्पेंस लोगों को बार-बार सिनेमाघरों की तरफ खींच रहा है. यही वजह है कि फिल्म को देखने के लिए लोग दोबारा भी जा रहे हैं. फिलहाल ये फिल्म देशभर के 17,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर चल रही है, जो अपने आप में एक बड़ा आंकड़ा है. कहा जा सकता है कि बॉक्स ऑफिस के लेवल्स बदल रहे है. अब भाषा की दीवारें टूट चुकी हैं. चाहे फिल्म साउथ की हो या नॉर्थ की, अगर कंटेंट में दम है तो लोग उसे सिर-आंखों पर बैठाते हैं. ‘धुरंधर 2’ की सक्सेस इस बात का सबूत है कि बड़े लेवल की एक्शन फिल्में और मजबूत कहानी आज भी ऑडियन्स की पहली पसंद हैं. अब देखना ये है कि रणवीर सिंह की ये सुनामी और कितने पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़ती है.
यह भी पढ़ेंः बोर हो चुके हैं या थके हुए हैं? इन 5 Comedy Movies का डोज़ लीजिए और भूल जाइए सारा स्ट्रेस!
