Korea News : मध्य पूर्व में कुछ दिनों के लिए युद्धविराम होने के बाद कोरियाई देशों में तनाव बढ़ गया है. नॉर्थ कोरिया ने अपने पड़ोसी देश का मजाक उड़ाते हुए दुनिया को हैरान करने वाला बेवकूफ बताया.
Korea News : मिडिल ईस्ट में दो हफ्ते के लिए सीजफायर होने के बाद कोरियाई देशों के बीच में तनाव बढ़ गया है. दक्षिण कोरिया की बेहतर संबंधों की उम्मीदों का मजाक उड़ाने के बाद उत्तर कोरिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. इसी बीच प्योंगयांग ने समुद्र की तरफ कम दूरी वाली बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं हैं. बीते दो दिनों में यह उसका दूसरा मिसाइल परीक्षण है. दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय इलाके वॉनसन से दागी गई हैं. साथ ही यह मिसाइलें 240 किलोमीटर की दूरी पर मार करने में सक्षम हैं. वहीं, प्योंगयांग ने कहा है कि अगर दक्षिण कोरिया, अमेरिका के साथ मजबूत सैन्य गठबंधन बनाता है तो उत्तर कोरिया किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
नहीं मिली कोई विस्तृत जानकारी
सियोल ने यह तो बता दिया कि प्योंगयांग ने पूर्व समुद्री तट से मिसाइलें दागी हैं लेकिन इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है. इसके अलावा दक्षिण कोरिया और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां इस मिसाइलों का अध्ययन कर रही हैं. साथ ही नॉर्थ कोरिया की ये मिसाइलें कुछ हरकत करने के बाद दक्षिण कोरिया के रडार से गायब हो गई. इससे पता चलता है कि परीक्षण सफल नहीं हो पाया है. मिसाइल लॉन्च ऐसे समय में हुई हैं जब उत्तर कोरिया ने यह साफ कर दिया है कि उसका दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सुधारने का कोई इरादा नहीं है. वहीं, दक्षिण कोरिया की सरकार अपने पड़ोसी देश से संबंधों को बेहतर करने के लिए उम्मीद जताती रही है.
किम जोंग उन की बहन की थी तारीफ
मंगलवार की रात को प्योंगयांग के विदेश मंत्रालय के प्रथम उप मंत्री जांग कुम चोल ने कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा से ही उत्तर कोरिया का सबसे कट्टर दुश्मन देश बना रहा है. उन्होंने दक्षिण का मजाक उड़ाते हुए दुनिया को हैरान करने वाला बेवकूफ बताया है. साथ ही किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग के हालिया बयान से वह कुछ उम्मीदें बना बैठे थे. हालांकि, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने नागरिक ड्रोन उड़ाने की घटनाओं पर खेत व्यक्त किया था, इस पर किम यो-जोंग ने उनकी ईमानदारी की तारीफ की थी.
दक्षिण कोरिया को कर देंगे तबाह
जांग का कहना है कि अगर नागरिक ड्रोन उड़ाए गए तो इस पर कार्रवाई की जाएगी. जांग ने यह भी कहा कि किम यो-जोंग का बयान तारीफ में नहीं बल्कि चेतावनी दी गई थी. इसके अलावा जांग ने किम यो-जोंग के हवाले से कहा कि दक्षिण कोरिया को खुजली से पीड़ित उन कुत्तों जैसा बताया जो पड़ोस के कुत्तों की धुन पर आंख मूंदकर भौंकते रहते हैं. किम ने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब हाल ही में उत्तर कोरिया में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव लाया गया था, जिसपर दक्षिण कोरिया की भी सहमति दिखी. बता दें कि साल 2019 में नॉर्थ कोरिया और अमेरिकी के बीच कूटनीतिक विफलता के बाद किम जोंग उन किसी भी बातचीत के लिए तैयार नहीं है. साथ ही उन्होंने यह भी खुली चेतावनी दी है कि अगर उनके देश को उकसाने की गई तो वह दक्षिण कोरिया को तबाह कर देंगे.
यह भी पढ़ें- रुक गया अमेरिका ईरान युद्ध, ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज खोलेगा तेहरान
News Source: PTI
