25 Jan 2024
27 जनवरी तक लोगों को नहीं मिलेगी ठंड से राहत
देश की राजधानी दिल्ली के साथ पूरे उत्तर भारत में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया कि अगले 2 दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक 27 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और यूपी में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों के कुछ हिस्सों में रात और सुबह घने कोहरे की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के पहाड़ी क्षेत्रों में भी कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
शाहजहांपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा
बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। कई इलाकों में बुधवार को दिन में गुनगुनी धूप रही, तो कहीं तेज धूप ने थोड़ी राहत दी, लेकिन ठंडी हवाओं की वजह से गलन महसूस की जा रही है। बता दें कि शाहजहांपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से लगातार दिल्ली-NCR के लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। दरअसल, कई दिनों से सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।राजधानी दिल्ली को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह हलकी बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें : पर्यावरण से जुड़ी जानकारी, Hindi News, पर्यावरण की खबरें, Climate and Nature Updates
