Akhilesh India Return: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अम्बेडकर नगर के डीएम अनुपम शुक्ला के प्रयासों से इजराइल में फंसे अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार की सकुशल वतन वापसी हुई.
Akhilesh India Return: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अम्बेडकर नगर के डीएम अनुपम शुक्ला के प्रयासों से इजराइल में फंसे अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार की सकुशल वतन वापसी हुई. युद्ध के कारण मानसिक तनाव झेल रहे अखिलेश को जॉर्डन के रास्ते लाया गया. पत्नी किरण देवी की मार्मिक अपील पर प्रशासन ने त्वरित अंतरराष्ट्रीय समन्वय कर यह सफलता पाई.
सरकार के प्रयासों से हुई वापसी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा तत्काल इसकी जानकारी शासन को भेजी गई. मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों को अखिलेश की सकुशल वापसी के निर्देश दिए. तब 28 मार्च 2026 को इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया. इसके साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव स्थित भारतीय राजदूत, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन स्थित भारतीय राजदूत एवं जॉर्डन प्रशासन से निरंतर उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया गया.
तत्काल अंतरराष्ट्रीय एयर टिकट की व्यवस्था
इज़राइल के हवाई अड्डों के बंद होने के कारण वैकल्पिक रणनीति के तहत 01 अप्रैल 2026 को जॉर्डन के वीज़ा एवं अंतरराष्ट्रीय एयर टिकट की व्यवस्था की गई. इसके बाद 02 अप्रैल 2026 को अखिलेश कुमार को विशेष वाहन से सुरक्षित तरीके से भारतीय दूतावास, तेल अवीव तक लाया गया, जहां से उन्हें सुरक्षित स्थल मार्ग से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया. इसके बाद जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उन्हें अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) पहुंचाया गया. वहां से अखिलेश कुमार ने 02 अप्रैल को रात 8:40 बजे रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट पकड़ी और 03 अप्रैल 2026 को प्रातः 04:55 बजे सकुशल मुंबई पहुंच गए.
मुंबई हवाई अड्डे पर मिली पूरी मदद
मुंबई हवाई अड्डे पर रॉयल जॉर्डनियन के प्रतिनिधि ऋषभ सिंह ने अखिलेश कुमार को पूरी सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें एयर इंडिया स्टाफ के सुपुर्द कर दिया. इसके उपरांत एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-2491 द्वारा अखिलेश कुमार मुम्बई से लखनऊ पहुंच गए। इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा भी समुचित सहयोग प्रदान किया गया. लखनऊ पहुंचने पर अखिलेश कुमार अपने परिजनों से मिले. इसके बाद उन्हें तहसील जलालपुर जनपद अम्बेडकर नगर स्थित उनके घर तक पहुंचा दिया गया. यह संपूर्ण अभियान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के त्वरित एवं मानवीय हस्तक्षेप, जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली, केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय मिशनों के प्रभावी समन्वय तथा इज़राइल एवं जॉर्डन में भारतीय राजदूतों, वाणिज्य अधिकारियों एवं राजनयिक तंत्र के सक्रिय सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है.
वतन वापसी में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका
जिलाधिकारी ने इस सफल अभियान में सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश शासन, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, इज़राइल एवं जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावासों, राजनयिक अधिकारियों, जॉर्डन प्रशासन, एयरलाइंस (रॉयल जॉर्डनियन एवं एयर इंडिया), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एवं सभी संबंधित अधिकारियों का हार्दिक आभार जताया है. शनिवार को अखिलेश कुमार ने अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से भेंट की. इस अवसर पर उन्होंने भावुक होकर जिला प्रशासन एवं शासन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की.
जताया योगी और डीएम का आभार
अखिलेश कुमार ने कहा कि मैं अपने जीवन के अत्यंत कठिन और असहाय दौर से गुजर रहा था, जहां हर उम्मीद धुंधली होती जा रही थी. ऐसे समय में प्रदेश सरकार व जिलाधिकारी के निरंतर प्रयासों के कारण ही आज मैं सुरक्षित अपने परिवार के बीच उपस्थित हूं. इसके लिए मैं उनका आभारी हूं. किरण देवी ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जनता दर्शन में मेरी एक अपील को जिलाधिकारी ने जिस गंभीरता व प्राथमिकता से लिया, वह मेरे लिए आशा की किरण बना. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी अकबरपुर विशाल सारस्वत सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से ही मेरे पति सकुशल घर वापस लौट सके हैं.
गांव पहुंचने के बाद खुशी का माहौल
अखिलेश कुमार अब सकुशल अपने परिवार के साथ अम्बेडकर नगर के ग्राम हाजपुरा, तहसील जलालपुर पहुंच चुके हैं. खुशी का माहौल है. यह सफल अभियान योगी सरकार की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने वाली सोच, जिलाधिकारी की त्वरित एवं मानवीय पहल, जिला प्रशासन की सक्रियता तथा केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय राजनयिक तंत्र के प्रभावी समन्वय का उत्तम उदाहरण है.
ये भी पढ़ेंः ट्रंप को लगा सबसे बड़ा झटका; ईरान ने मार गिराए 2 अमेरिकी एयरक्राफ्ट, 1 क्रू मेंबर लापता
