Delhi-NCR Weather: कुछ दिनों से मौसम भी दिल्ली-एनसीआर वालों के मज़े ले रहा है. लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि, स्वेटर पहनें, या पंखा चलाएं?
21 March, 2026
दिल्ली वालों के लिए आज की सुबह किसी सरप्राइज से कम नहीं थी. जैसे ही लोगों की आंख खुली, खिड़की के बाहर नजारा बदला हुआ था. शनिवार की सुबह दिल्ली एक बार फिर कोहरे की सफेद चादर में लिपटी नजर आई. ठंडी हवाओं के झोंकों ने एहसास दिला दिया कि सर्दी अभी पूरी तरह से विदा नहीं हुई है. मार्च के महीने में इस तरह का मौसम वाकई हैरान करने वाला है, जिसने एक बार फिर से अलमारी में रखे गर्म कपड़ों की याद दिला दी है.
टेंपरेचर में गिरावट
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का मिनिमम टेंपरेचर गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. ये नॉर्मल से करीब 3.5 डिग्री कम है. शुक्रवार को यही तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, यानी सिर्फ 24 घंटों में पारे में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है. ठंडी हवाओं ने सुबह की सैर पर निकलने वालों और ऑफिस जाने वालों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया.
यह भी पढ़ेंःगुलमर्ग और सोनमर्ग में भारी बर्फबारी, जम्मू-कश्मीर में ‘चिल्लई-कलां’ की शुरुआत, मुगल रोड बंद
साफ हवा से राहत
हालांकि, ठंड और कोहरे के बीच एक अच्छी खबर भी आई है. दरअसल, बिन मौसम बारिश के बाद दिल्ली की हवा में गजब का सुधार देखने को मिला है. शनिवार सुबह 8 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 94 दर्ज किया गया. पिछले पांच महीनों में ये पहली बार है जब दिल्ली वालों को इतनी साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है. इससे पहले पिछले साल 9 अक्टूबर को AQI 99 दर्ज किया गया था. शुक्रवार को हुई बारिश ने पॉल्यूशन के कणों को धो डाला, जिससे राजधानी की आबो-हवा चमक उठी है.
मार्च में कमाल
इस बार का मार्च पिछले कुछ सालों की तुलना में काफी अलग साबित हो रहा है. शुक्रवार को सफदरजंग स्टेशन पर मैक्सिमम टेंपरेचर नॉर्मल से 9.6 डिग्री कम यानी सिर्फ 21.7 डिग्री दर्ज किया गया. मार्च के महीने में इतनी ठंड साल 2020 के बाद पहली बार देखी गई है. साथ ही, इस महीने अब तक हुई बारिश ने इसे 2023 के बाद का सबसे ‘गीला’ मार्च बना दिया है. अब मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को मैक्सिमम टेंपरेचर 27 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. हालांकि, आज सुबह बारिश नहीं हुई, लेकिन राहत की उम्मीद अभी बाकी है. एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से सोमवार को दिल्ली में फिर से हल्की बारिश, गरज और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है. यानी आने वाले कुछ दिन दिल्ली-एनसीआर का मिजाज ऐसा ही नरम-गरम बना रहेगा.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः बारिश वापस लाई ठंड, दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान से लोग परेशान, IMD ने 19 राज्यों में जारी किया अलर्ट
