CM Yogi on UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री शनिवार को गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने कई बड़े ऐलान किए. इनमें से एक ऐलान उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी (UP International Trade Show) के चौथे एशिडन को लेकर भी था.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी (UPITS 2026) का चौथा एडिशन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा. नोएडा आए सीएम योगी ने प्रदेश में ट्रेड को लेकर भी अपनी बात कही.
गौतम बुद्ध नगर सबसे पसंदीदा निवेश स्थलों में से एक- सीएम योगी
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, सीएम योगी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर देश के सबसे पसंदीदा निवेश स्थलों में से एक के रूप में उभरा है. इस परिवर्तन का श्रेय उन्होंने भाजपा सरकार के तहत बेहतर कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को दिया.
उन्होंने कहा कि जिले में अब एक कार्यरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक आगामी फिल्म सिटी, परिधान पार्क (Apparel park), सेमीकंडक्टर इकाई, इलेक्ट्रॉनिक्स और सौर मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं, साथ ही कई अन्य औद्योगिक परियोजनाएं मौजूद हैं.
एमएसएमई औद्योगिक विकास की रीढ़- मुख्यमंत्री
सीएम ने अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) औद्योगिक विकास की रीढ़ हैं. ये आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब 96 लाख लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयां हैं जो राज्य की अर्थव्यवस्था और निर्यात में योगदान दे रही हैं.
यूपी के मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के लिए ग्लोबल मंच- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब प्रतिवर्ष 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सामान निर्यात कर रहा है. आगामी व्यापार मेले (UPITS 2026) पर प्रकाश डालते हुए, आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन राज्य की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक ग्लोबल मंच प्रदान करेगा.
उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा. इसमें प्रदर्शक और विदेशी खरीदार भाग लेंगे और उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा.”
सीएम योगी ने आगे कहा, ” बिजनेस-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू- कंज्यूमर बैठकें आयोजित की जाएंगी और नए निर्यात ऑर्डर की सुविधा प्रदान की जाएगी.” उन्होंने कहा कि पिछले संस्करणों में दुनिया भर से प्रतिभागियों ने भाग लिया था और कई अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक ऑर्डर प्राप्त हुए थे.
₹6750 करोड़ का निवेश! आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- ‘सेमीकंडक्टर हब बनने की ओर जेवर…’
News Source: PTI
