Ashwini Vaishnaw: आज डिजिटल और एआई की बढ़ती दुनिया के बीच विश्व तेजी के साथ सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री की ओर बढ़ रहा है. आने वाले समय में इसकी मांग और भी अधिक होने वाली है. सेमीकंडक्टर उद्योग में बात सेमीकंडक्टर चिप की होती है, जिसे एक इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट का ब्रेन यानी दिमाग कहा जाता है. इसके अलावा इसे माइक्रोचिप भी कहा जाता है. दुनिया में सेमीकंडक्टर का मार्केट करीब 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बताया जाता है.
सेमीकंडक्टर चिप, जो सिलिकॉन जैसे पदार्थों से बनाई जाती है. इसकी डिमांड कम्प्यूटर से लेकर के स्मार्टफोन तक और स्पेसक्राफ्ट से लेकर ईवी व डिफेंस सिस्टम तक है.
इस बीच यूपी के गौतमबुद्धनगर का जेवर तेजी के साथ विकास की राह पर बढ़ते हुए दिख रहा है. पहले यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शुभारंभ हुआ, जो आने वाले समय में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट भी बनने वाला है. अब यहां सेमीकंडक्टर हब की बात हो रही है. शनिवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जेवर सेमीकंडक्टर हब बनने की राह पर है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खास ऐलान किया. उन्होंने कहा कि लगभग 6,750 करोड़ रुपये के संयुक्त निवेश वाली दो इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग परियोजनाएं लगभग 3000 रोजगार सृजित करेंगी. ये जेवर को भारत के अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में से एक में बदलने में मदद करेंगी.
इन परियोजनाओं में दक्षिण कोरिया की केसीसी के साथ संयुक्त उद्यम, एसेन्ट-के सर्किट द्वारा उन्नत उच्च-घनत्व और बहु-परत मुद्रित सर्किट बोर्ड (पीसीबी) के निर्माण के लिए 3,250 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है. इसके अलावा एचवीएसी घटकों और पीसीबी असेंबली के निर्माण के लिए एम्बर एंटरप्राइजेज द्वारा 3,500 करोड़ रुपये की सुविधा भी शामिल है.
वैष्णव ने ये बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जेवर के यमुना सिटी में परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद कीं.
जेवर सेमीकंडक्टर प्रमुख केंद्रों में उभरने के लिए तैयार- वैष्णव
मंत्री ने कहा कि यमुना सिटी क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये का निवेश होने से जेवर को “उत्तर भारत की सिलिकॉन वैली” बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, “जेवर भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण (Electronics and Semiconductor manufacturing) के प्रमुख केंद्रों में से एक के रूप में उभरने के लिए तैयार है. इससे देश को अरबों की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और भारत के आर्थिक परिदृश्य को नया रूप मिलेगा.”
वैष्णव ने उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के विस्तार के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने में सक्षम बनाने वाले इकोसिस्टम के निर्माण का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया. उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उस दूरदृष्टि के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जिसके कारण प्रधानमंत्री की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पहल जेवर तक पहुंची है.”
दुनिया की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में किसका दबदबा, भारत में क्या भविष्य? जानें सरकार का रोडमैप
News Source: PTI
