Indian Currency Update: अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव एक बार फिर से ग्लोबल अर्थव्यवस्था को झटका दे सकता है. दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं और कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है. इस बीच आज एक बार फिर से भारतीय करेंसी रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर है. आज रुपये ने 11 पैसे कमजोरी के साथ अपने कारोबार की शुरुआत की है.
11 पैसे गिरकर 96.36 पर रुपया
रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे गिरकर 96.36 पर आ गया. इसकी वजह नए सिरे से भू-राजनीतिक तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के साथ निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से अमेरिकी डॉलर की बढ़ती मांग बताई गई.
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 96.36 पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट दर्ज करता है. मालूम हो कि मंगलवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 96.25 पर स्थिर हुआ था.
एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि लाल सागर और होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से तेल शिपमेंट की सुरक्षा को लेकर चिंताएं कच्चे तेल की कीमतों को समर्थन देना जारी रखे हुए हैं. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जहाजों के खिलाफ हुती विद्रोहियों की धमकियों और अमेरिका-ईरान के बीच जारी शत्रुता ने बाजार में भू-राजनीतिक जोखिम प्रीमियम को बनाए रखा है.
आरबीआई के फैसले से रुपये को समर्थन- एक्सपर्ट
एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि विदेशी जमा को आकर्षित करने के लिए आरबीआई द्वारा उठाए गए कदमों से विदेशी मुद्रा का काफी फ्लो हुआ है, जिससे बाजार का आत्मविश्वास बढ़ा है और रुपये को समर्थन मिला है.
भंसाली ने कहा कि डीलर मुद्रा बाजार की अस्थिरता को कम करने के लिए सरकारी बैंकों के माध्यम से आरबीआई की भागीदारी पर नजर रख रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, “केंद्रीय बैंक अव्यवस्थित कदमों को रोकते हुए क्रमिक समायोजन की अनुमति देता प्रतीत होता है.”
कच्चे तेल की कीमत और शेयर बाजार
भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो, आज बुधवार को 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत गिरकर 77,070.61 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 0.34 प्रतिशत गिरकर 24,104.40 पर आ गया.
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,650.16 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. वहीं, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.18 प्रतिशत बढ़कर 92.08 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
Stock Market: बाजार में गिरावट! सेंसेक्स 550 अंक लुढ़का, निफ्टी भी फिसला; एक्सपर्ट से जानें वजह
News Source: PTI
