Asian Para Games Archery: एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को भारत के पैरा तीरंदाजों ने एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया. पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और उनके साथी विजय सुंडी ने रिकर्व पुरुष डबल्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन को शानदार अंदाज में हराया. वहीं, महिला डबल्स में भावना चौधरी और पूजा जाटयान की जोड़ी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
चीन को हराकर जीता गोल्ड
जापान के ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पज स्क्वायर में खेले गए पुरुष डबल्स फाइनल में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी का मुकाबला चीन के युन डुओ और झाओ लिशुए से हुआ. भारतीय जोड़ी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए चीन को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. मुकाबले की शुरुआत काफी रोमांचक रही. पहले सेट में दोनों टीमों ने 35-35 अंक बनाए. लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैच का रुख बदल दिया. दूसरे सेट में भारत ने 37-36 से जीत दर्ज की. वहीं, तीसरे सेट में 38-36 से बाजी मारकर गोल्ड पर कब्जा जमा लिया.
विजय ने किया कमाल
इस जीत की खास बात ये रही कि विजय सुंडी इस स्तर पर अपना डेब्यू कर रहे थे. उन्होंने अनुभवी हरविंदर सिंह के साथ शानदार तालमेल दिखाया. दोनों खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद लगातार सटीक निशाने लगाए. चीन की टीम आखिरी दो सेट में भारतीय जोड़ी की बराबरी नहीं कर सकी.
‘हार्दिक पांड्या का विकल्प ढूंढना मुश्किल…’ इस पूर्व कप्तान ने दी मैनेजमेंट को सलाह; कही ये बात
बेटियों ने जीता सिल्वर
महिला रिकर्व डबल्स में भावना चौधरी और पूजा जाटयान की जोड़ी गोल्ड से चूक गई. फाइनल में उनका मुकाबला चीन की गाओ जिहान और वांग शुएकियान से हुआ. चीनी जोड़ी ने भारत को 6-0 से हराया. भारतीय खिलाड़ियों ने तीन सेट में क्रमशः 31, 30 और 29 अंक बनाए, जबकि चीन ने 38, 35 और 39 अंक हासिल किए. हालांकि, फाइनल में हार के बावजूद भारतीय बेटियों ने देश की झोली में सिल्वर मेडल डाल दिया.
ब्रॉन्ज से चूके हरविंदर
हरविंदर सिंह के पास मिक्स्ड टीम इवेंट में भी मेडल जीतने का मौका था. उन्होंने भावना चौधरी के साथ ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में ईरान की टीम को कड़ी टक्कर दी. मैच 4-4 से बराबर होने के बाद शूटऑफ तक पहुंचा. हालांकि, भारतीय जोड़ी 4-5 से हार गई और ब्रॉन्ज मेडल से चूक गई. इससे पहले सेमीफाइनल में भारत को चीन से 0-6 से हार मिली थी.
हरविंदर का शानदार सफर
35 साल के हरविंदर सिंह भारत के अनुभवी पैरा तीरंदाज हैं. उन्होंने 2020 टोक्यो पैरालंपिक में ब्रॉन्ज और 2024 पेरिस पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीता था. इससे पहले वह 2018 एशियाई पैरा खेलों में व्यक्तिगत गोल्ड और 2023 हांगझोऊ संस्करण में साहिल के साथ डबल्स ब्रॉन्ज जीत चुके हैं. अब विजय सुंडी के साथ गोल्ड जीतकर उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और उपलब्धि जोड़ ली है.
News Source: ANI
