Home Latest News & Updates Rupee Today: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 15 पैसे की मजबूती, एक्सपर्ट्स से जानें तेजी की वजह

Rupee Today: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 15 पैसे की मजबूती, एक्सपर्ट्स से जानें तेजी की वजह

by Amit Dubey 7 July 2026, 10:18 AM IST
7 July 2026, 10:18 AM IST
Rupee Today

Rupee Today: बीते सोमवार को भारतीय करेंसी रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कुछ खास तेजी नहीं दिखी थी और यह 95.43 के लेवल पर स्थिर हुआ था. लेकिन, आज मंगलवार को रुपये में डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की मजबूती दिखी है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बीच सऊदी अरब द्वारा एशिया के लिए अगस्त के कच्चे तेल की कीमतों में कटौती की खबरों के बाद बाजार की भावना में सुधार दिखा. इसकी वजह से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे बढ़कर 95.28 पर पहुंच गया.

डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती

आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.33 पर खुला. उसके बाद में यह अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 95.28 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 15 पैसे की बढ़त दर्शाता है. मालूम हो कि सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर स्थिर हुआ था.

एक्सपर्ट ने रुपये में तेजी पर क्या कहा?

जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि मध्य पूर्व में कम जोखिम प्रीमियम और होर्मुज जलडमरूमध्य से अधिक यातायात के कारण तेल की कीमतें कम रहीं. वहीं, एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि भारतीय रुपये के लिए सकारात्मक कारक सऊदी अरब द्वारा आपूर्ति की स्थिति में सुधार के बीच पिछले 26 वर्षों में रिकॉर्ड कटौती करते हुए एशियाई तेल की कीमतों में 11 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल की कमी करना था.

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय तेल कंपनियों द्वारा की गई खरीदारी का संकेत इस तथ्य से भी मिलता है कि इंडियन ऑयल और एचपीसीएल ने 7 मिलियन बैरल कच्चे तेल की खरीद के लिए निविदाएं जारी की हैं, जिससे पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी डॉलर की कीमत में काफी वृद्धि हुई है.

कच्चे तेल और शेयर बाजार की स्थिति

ग्लोबल स्तर पर कच्चा तेल 0.64 प्रतिशत बढ़कर 72.45 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. ब्रेंट तेल की कीमतें बढ़ रही हैं क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के फिर से बढ़ने से सऊदी अरब द्वारा एशियाई खरीदारों के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति में भारी कटौती के बाद मजबूत वैश्विक आपूर्ति की उम्मीदें कमजोर पड़ गई हैं. खबरों के मुताबिक, होर्मुज के पास से गुजर रहे एक टैंकर पर ओमान के तट के पास एक मिसाइल हमला किया गया, जिससे आग लग गई लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ.

वहीं, घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 176 अंक बढ़कर 78,461.16 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 34.1 अंक बढ़कर 24,464.45 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में 243.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

सेंसेक्स में 80 अंकों से अधिक की तेजी, निफ्टी 24440 के पार; इंफोसिस समेत इन शेयरों ने पकड़ी रफ्तार

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?