Gold-Silver Price Today: सोना और चांदी खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों के लिए इन दिनों बाजार से लगातार चौंकाने वाली खबरें आ रही हैं. कभी रिकॉर्ड ऊंचाई छूने वाली इन कीमती धातुओं की चमक अब फीकी पड़ती नजर आ रही है. डॉलर की मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है. शुक्रवार को भी दोनों धातुओं पर बिकवाली का दबाव बना रहा. अब कीमतें 2026 के निचले स्तर तक पहुंच गईं हैं.
कितने सस्ते हुए?
शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत करीब 1,23,629 रुपये प्रति 10 ग्राम पर हुई. कारोबार के दौरान इसकी कीमत और नीचे फिसलकर करीब 1,23,079 रुपये तक पहुंच गई. वहीं, चांदी का दिसंबर वायदा करीब 1,49,602 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करता नजर आया. इससे पहले शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,22,435 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1,48,034 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की खबर आई थी. हालांकि, अलग-अलग बाजारों और भाव के समय के हिसाब से कीमतों में अंतर हो सकता है. कुल मिलाकर दोनों धातुओं में तेज गिरावट ने खरीदारों और निवेशकों का ध्यान खींचा है.
क्यों टूट रही है?
कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती मानी जा रही है. डॉलर मजबूत होने से सोना और चांदी दूसरे देशों के खरीदारों के लिए महंगे हो जाते हैं. इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीद भी निवेशकों को सोने-चांदी से दूरी बनाने के लिए प्रेरित कर रही है. दरअसल, सोना और चांदी ऐसे निवेश हैं जिनसे नियमित ब्याज नहीं मिलता. जब बॉन्ड और दूसरी ब्याज देने वाली संपत्तियों पर बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद बढ़ती है, तो निवेशक अपना पैसा वहां लगाना पसंद करते हैं. इसके अलावा बाजार में पहले तेजी के दौरान निवेश करने वाले लोग अब प्रोफिट निकाल रहे हैं. इसे प्रॉफिट बुकिंग कहा जाता है. शेयर बाजार और दूसरी संपत्तियों में बिकवाली के दबाव ने भी कीमती धातुओं पर असर डाला है.
क्या अभी खरीदना सही रहेगा?
शादी-ब्याह के सीजन में गिरते भाव आम खरीदारों को राहत दे सकते हैं. हालांकि, बाजार में अभी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. इसलिए सिर्फ कीमतों में गिरावट देखकर जल्दबाजी में निवेश करना सही नहीं होगा. ऐसे में खरीदारी से पहले स्थानीय बाजार का भाव, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्क जरूर जांचें.
Gold-Silver खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले! कीमतों में भारी गिरावट, जानें दोनों का ताजा भाव
