Stock Market Today: शेयर बाजार में शुक्रवार की शुरुआत थोड़ी सुस्त रही. पिछले कुछ दिनों से तेजी दिखा रहे सेंसेक्स और निफ्टी पर अचानक बिकवाली का दबाव देखने को मिला. निवेशकों ने ऊंचे लेवल पर शेयर बेचकर मुनाफा कमाना बेहतर समझा. इसके चलते बाजार लाल निशान में कारोबार करने लगा. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी.
सेंसेक्स और निफ्टी धड़ाम
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे सेंसेक्स 187.11 अंक यानी 0.22 प्रतिशत गिरकर 84,141.48 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 28.85 अंक यानी 0.11 प्रतिशत फिसलकर 25,855.65 पर आ गया. हालांकि, बाजार में गिरावट बहुत बड़ी नहीं थी. लेकिन लगातार तेजी के बाद आई इस कमजोरी ने निवेशकों का ध्यान जरूर खींचा. वैसे, बाजार में गिरावट की तीन बड़ी वजहें सामने आई हैं. उन्हें भी जान लेते हैं.
पहली वजह: मुनाफावसूली
पिछले कुछ हफ्तों में शेयर बाजार ने शानदार तेजी दिखाई थी. ऐसे में कई निवेशकों ने सोचा कि जब शेयरों के दाम अच्छे लेवल पर हैं, तो मुनाफा निकाल लेना ही बेहतर है. इसी वजह से शुक्रवार को बाजार में बिकवाली देखने को मिली. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चार हफ्तों में सेंसेक्स करीब 14.8 प्रतिशत और निफ्टी लगभग 14.2 प्रतिशत चढ़ चुके हैं. इस हफ्ते भी दोनों इंडेक्स में करीब 0.3 प्रतिशत की बढ़त रही. ऐसे में निवेशकों का मुनाफा निकालना बाजार पर दबाव बनाने की एक बड़ी वजह बना.
ऑटो सेक्टर में महंगाई की मार : ग्राहकों को लगा झटका, टाटा, हुंडई और ऑडी की कारें हुईं महंगी
दूसरी वजह: महंगा कच्चा तेल
बाजार की चिंता बढ़ाने वाली दूसरी खबर कच्चे तेल से जुड़ी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई है. दरअसल, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमलों और सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों से जुड़ी घटनाओं ने तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अगर कच्चा तेल लंबे समय तक महंगा रहता है, तो भारत जैसे देश का आयात बिल बढ़ सकता है. इसका असर महंगाई और कंपनियों की लागत पर भी पड़ सकता है.
तीसरी वजह: 26 हजार का लेवल
बाजार के जानकारों के मुताबिक, निफ्टी को 25,900 से 26,000 के बीच आगे बढ़ने में मुश्किल हो रही है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के आनंद जेम्स का कहना है कि अगर निफ्टी 25,850 के ऊपर टिकता है, तो इसमें 26,300 तक जाने की संभावना बन सकती है. वहीं 25,750 से नीचे फिसलने पर 25,300 का लेवल भी देखने को मिल सकता है. फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है. ऐसे में निवेशकों के लिए जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय बाजार की चाल और जोखिम को समझना जरूरी है.
News Source: ANI
