Car Prices: उत्पादन लागत में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कई प्रमुख कार निर्माताओं ने अपने वाहनों के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है. यह कार प्रेमियों के लिए बड़ा झटका है. टाटा मोटर्स, हुंडई और ऑडी जैसी कई प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों ने बढ़ती इनपुट लागत (उत्पादन लागत) के बीच अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है. कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है.
1 दिसंबर से महंगी होंगी टाटा की गाड़ियां
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) ने अपने सभी वाहनों की कीमतों में बदलाव की घोषणा की है, जिसमें इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) दोनों शामिल हैं. इस बदलाव के तहत कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जो 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी. कंपनी ने बताया कि यह फैसला इनपुट लागत में हुई भारी बढ़ोतरी के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए लिया गया है. कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि हालांकि TMPV लागत में हुई इस बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद उठा रही है, लेकिन इसका कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जा रहा है.
बढ़ती उत्पादन लागत का पड़ा असर
कीमतों में बदलाव अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्राहकों को हर वाहन सही मूल्य पर मिल सके. इसी तरह, हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपने कुछ चुनिंदा मॉडलों और वेरिएंट्स की कीमतों में 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी. कंपनी ने इस फैसले के पीछे मुख्य कारण इनपुट लागत में भारी बढ़ोतरी को बताया है. साथ ही कहा कि कीमतों में बदलाव की दर मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी. कंपनी ने बताया कि हालांकि हमने अपनी कार्यक्षमता में सुधार और लागत कम करने के उपायों के जरिए बढ़ती लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन किया है, लेकिन अब बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है.
ऑडी के दाम 2 प्रतिशत तक बढ़े
इसी तरह, जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने भी बढ़ती इनपुट लागत का हवाला देते हुए अपने मॉडलों की एक्स शोरूम कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होगी. कंपनी ने एक फाइलिंग में कहा कि कीमतों में यह बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होगा. इस बीच, मारुति सुजुकी ने भी अपने कुछ चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जो 22 नवंबर 2026 से लागू हो गई है. इससे कीमतों में औसतन लगभग 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने कहा कि लगातार लागत कम करने की कोशिशों के बावजूद मौजूदा लागत दबाव के कारण हमें बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार पर डालना पड़ रहा है, ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े.
गुरु नानक जयंती पर Stock Market में छुट्टी, नहीं होगी Sensex-Nifty की ट्रेडिंग; शाम को खुलेगा MCX
News Source: ANI
