NATO Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह है फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में NATO प्रमुख मार्क रूटे के साथ उनकी मुलाकात. इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर ईरान के परमाणु कार्यक्रम और ग्रीनलैंड तक कई बड़े मुद्दों पर बातचीत हुई. खास बात ये रही कि चर्चा में ट्रंप की पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप का नाम भी सामने आया.
रूस-यूक्रेन पर चर्चा
थैंक्सगिविंग के मौके पर अमेरिकी सैनिकों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि NATO प्रमुख के साथ बैठक का सबसे बड़ा मुद्दा रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध था. उन्होंने कहा कि बातचीत का ज्यादातर हिस्सा इसी संघर्ष पर केंद्रित रहा. ट्रंप ने ये भी दावा किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करना चाहते हैं. उनके मुताबिक, इस संघर्ष को रोकना और लोगों की जान बचाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच आपसी दुश्मनी भी शांति समझौते की राह में बड़ी परेशानी है.
मेलानिया ट्रंप के काम पर बात
इस मुलाकात में फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की मानवीय पहल पर भी बात हुई. ट्रंप के मुताबिक, मेलानिया की कोशिशों से यूक्रेन में कुछ समय के लिए युद्धविराम हुआ, जिसके दौरान 800 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली. ट्रंप ने बताया कि NATO प्रमुख मार्क रूटे ने इस काम की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया. हालांकि, युद्ध के हालात को उन्होंने बहुत दुखद बताया.
गाजा पर इजरायल की भीषण बमबारी : 8 फिलिस्तीनी ढेर, हमास का एक प्रमुख नेता भी मारा गया
ईरान और ग्रीनलैंड
बैठक में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा भी उठा. ट्रंप ने कहा कि वो और NATO प्रमुख नहीं चाहते कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करे. उन्होंने ये भी बताया कि NATO अलग-अलग इलाकों में अपनी मौजूदगी और भूमिका बढ़ा रहा है. ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप ने एक समझौते का जिक्र किया और डेनमार्क का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि इस समझौते को लेकर पहले कई लोगों को लगता था कि ऐसा होना संभव नहीं है, लेकिन अब इस दिशा में सहमति बनी है.
रक्षा खर्च बढ़ाने पर जोर
NATO की तरफ से जारी साझा बयान में भी रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान के मुद्दे को बैठक का मुख्य हिस्सा बताया गया. दोनों पक्षों ने युद्ध को जल्द और शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया. साथ ही रूस से ऐसी कोई कार्रवाई न करने की अपील की गई, जिससे युद्ध और फैल सकता है. बैठक में अमेरिका और NATO देशों के रक्षा खर्च और हथियार बनाने से जुड़े उद्योगों में निवेश बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. गौरतलब है कि इससे पहले 19 नवंबर को ट्रंप, पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात भी हुई थी. इसमें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, यूक्रेन युद्ध और परमाणु हथियारों पर नियंत्रण जैसे मुद्दे उठे थे. हालांकि, उस बैठक के बाद हथियारों में कटौती को लेकर कोई ठोस समझौता सामने नहीं आया था. अब देखना होगा कि इन बैठकों का यूक्रेन युद्ध और दुनिया की सुरक्षा पर कितना असर पड़ता है.
News Source: ANI
बांग्लादेश में बढ़ा तनाव : शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव सहित तीन गिरफ्तार, सुरक्षा कड़ी
