Delhi AQI: दिल्ली वालों के लिए एक बार फिर हवा की क्वालिटी को लेकर चिंता बढ़ गई है. शुक्रवार सुबह राजधानी की हवा खराब कैटेगरी में दर्ज की गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 रहा. यानी हवा में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ गया है.
यहां सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो वजीरपुर में सबसे ज्यादा AQI 273 दर्ज किया गया. इसके बाद बवाना में 266, पंजाबी बाग में 260 और चांदनी चौक में 257 AQI रहा. IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर ये आंकड़ा 289 और ITO में 285 दर्ज किया गया. आनंद विहार और नरेला में AQI 239 रहा, जबकि IIT दिल्ली में 242, रोहिणी में 233 और मुंडका में 231 दर्ज किया गया. वहीं, विवेक विहार में 222 और आरके पुरम में 220 AQI रहा. कुछ इलाकों में हवा की स्थिति थोड़ी बेहतर रही. उत्तम नगर में AQI 193 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 दर्ज किया गया. मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में सबसे कम AQI 125 रहा.
कौन सा नंबर खतरनाक?
AQI के आंकड़ों को समझना भी जरूरी है. 0 से 50 तक की हवा अच्छी मानी जाती है. 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम और 201 से 300 खराब कैटेगरी में आते हैं. इसके बाद 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर स्थिति मानी जाती है.
गाड़ियों पर लग सकती है रोक
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त रुख दिखाया है. सोमवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि दिल्ली और जरूरत पड़ने पर पूरे एनसीआर में सिर्फ BS-VI नियमों का पालन करने वाली गाड़ियों को चलने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है. कोर्ट ने सामान की सप्लाई को लेकर भी एक सुझाव दिया. इसके मुताबिक, दिल्ली की सीमाओं पर बड़े गोदाम बनाए जा सकते हैं. वहां सामान उतारने के बाद उसे छोटी बैटरी वाली या प्रदूषण नहीं फैलाने वाली गाड़ियों से शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है.
प्रदूषण घटाने का लक्ष्य
इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 2027 का नया लक्ष्य तय किया है. आयोग चाहता है कि सालाना औसत प्रदूषण में कम से कम 15 प्रतिशत की कमी आए. कोशिश इसे 20 प्रतिशत तक पहुंचाने की है. इसके लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सरकारों से नए प्लान तैयार करने को कहा गया है. इन प्लान में साफ लक्ष्य, समय सीमा और काम की निगरानी पर जोर दिया जाएगा. हालांकि, आयोग की पिछली रिपोर्ट में कई कमियां भी सामने आई थीं. इनमें कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन, फैक्ट्रियों की जांच और प्रदूषण मापने की सुविधाएं शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, चार राज्यों और दिल्ली में कुल 421 हरित शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक इनमें से एक भी तैयार नहीं हुआ था. अब सवाल यही है कि नए कदमों से दिल्ली की हवा कब साफ होगी और लोगों को प्रदूषण से कब राहत मिलेगी.
News Source: ANI
दिल्ली में साइबर धोखाधड़ी और मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, एक मलेशियाई नागरिक गिरफ्तार
