Stock Market: शेयर मार्केट में कब क्या देखने को मिले ये कोई नहीं बता सकता. आज सुबह भी इन्वेस्टर्स के दिल की धड़कने तेज हुईं. इसके पीछे कई कारण हैं, इस आर्टिकल में आपको उन्हीं के बारे में बताने वाले हैं.
07 May, 2026
भारतीय शेयर बाजार में आज हलचल तो काफी दिखी, लेकिन बाद में ये ‘फ्लैट’ ट्रेड करता नजर आया. आज सुबह की शुरुआत तो जोश के साथ हुई थी, लेकिन देखते ही देखते बढ़त गायब हो गई. ऐसे में अगर आप शेयर बाजार की खबरों को आसान भाषा में समझना चाहते हैं, तो आज का दिन मिला-जुला रहा है. आज जब शेयर मार्केट खुली, तो इन्वेस्टर्स के चेहरे खिले हुए थे. निफ्टी 24,400 के करीब पहुंच गया था, लेकिन ये खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही अपनी बढ़त गंवाकर लगभग कल के लेवल पर आ गए. बाजार में इस उतार-चढ़ाव के बीच ट्रेंट, एचडीएफसी लाइफ और बजाज ऑटो जैसे शेयरों में खरीदारी देखी गई. वहीं, कोटक बैंक और टाइटन जैसे बड़े नामों में बिकवाली का प्रेशर रहा.
मिडकैप और स्मॉलकैप में रौनक
बाजार की इस उठापटक में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर्स में रौनक बनी रही. वो 0.5% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं. आज की सबसे बड़ी खबर पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस से आई. काफी टाइम से घाटे में चल रही इस कंपनी ने पहली बार साल भर का प्रोफिट दर्ज किया है. पेटीएम को इस फाइनेंशियल ईयर में 552 करोड़ रुपये का नेट प्रोफिट हुआ है. पिछले साल इसे बड़ा घाटा हुआ था. वहीं, ऑटो सेक्टर के दिग्गज बजाज ऑटो ने भी कमाल कर दिया. कंपनी का प्रोफिट 34% बढ़कर 2,746 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया है. इंडियन मार्केट और एक्सपोर्ट, दोनों ही जगहों पर बजाज की गाड़ियों की डिमांड जबरदस्त रही, जिसका असर कंपनी के रिजल्ट और शेयर्स की कीमत पर साफ दिखा.
यह भी पढ़ेंःTCS Dividend: टाटा ग्रुप की कंपनी हर शेयर पर देगी 31 रुपये, जानें रिकॉर्ड और पेमेंट डेट
बैंकिंग सेक्टर का हाल
बैंकिंग सेक्टर में कोटक महिंद्रा बैंक को आरबीआई से एक बड़ी मंजूरी मिली है. अब कोटक बैंक ‘एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक’ में 9.99% तक की हिस्सेदारी खरीद सकता है. हालांकि, इस खबर के बावजूद दोनों बैंकों के शेयर्स में मामूली गिरावट देखी गई. इसके अलावा शराब बनाने वाली कंपनी रेडिको खेतान के लिए भी आज का दिन शानदार रहा. कंपनी का प्रोफिट करीब 95% बढ़कर 179.5 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, मीशो ने भी अपने लॉस को काफी हद तक कम करने में सफलता पाई है, जो ई-कॉमर्स सेक्टर के लिए एक अच्छा हिंट है.
कच्चे तेल का असर
दुनियाभर के बाजारों में चल रही हलचल का असर भारत पर भी दिख रहा है. मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी तेजी आई है. ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है. वहीं, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया आज थोड़ा कमजोर होकर 94.75 पर खुला. इन सबके अलावा आज कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही नतीजों का एलान करने वाली हैं. इनमें पिडिलाइट इंडस्ट्रीज, डाबर इंडिया, लुपिन, बीएसई लिमिटेड और इंद्रप्रस्थ गैस जैसे नाम शामिल हैं. इन रिजल्ट का असर आने वाले दिनों में बाजार पर दिखेगा.
फॉरेन इन्वेस्टर्स की बिकवाली
फॉरेन इन्वेस्टर्स यानी FII ने 6 मई को 5,835 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. दूसरी तरफ घरेलू निवेशकों यानी DII ने 6,837 करोड़ रुपये की खरीदारी की. इस साल अब तक विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से करीब 2.45 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं. वहीं, घरेलू निवेशकों ने 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीदारी की है. यही वजह है कि बाजार में बड़ी गिरावट फिलहाल टलती नजर आ रही है.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः डबल खुशखबरी! इस कंपनी ने 150 रुपये के डिविडेंड और ₹12000 प्रति शेयर बायबैक का किया ऐलान
