Share Market Today: सेंसेक्स के कुल 30 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं. इनमें इंडिगो 6.60 प्रतिशत, ट्रेंड 3.91 फीसदी और एशियन पेंट 3.56 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए.
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज 6 मई को शानदार तेजी दिखी. देश के स्टॉक मार्केट ने अपनी पॉजिटिव रफ्तार को तेज कर दी है और मार्केट में बुल्स की वापसी हो चुकी है. आज सुबह में शेयर बाजार ऊपर के साथ तेजी में खुले, लेकिन कुछ घंटों में इसकी तेजी सुस्त हुई और बाजार नीचे जाने लगा लेकिन दोपहर में करीब 2 बजे के बाद इसमें शानदार तेजी दिखी.
बाजार में तेजी की एक वजह पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए जल्द ही किसी डील पर वार्ता होने का संकेत भी माना जा रहा है. वहीं, क्रूड ऑयल की कीमत में गिरावट, कंपनियों के अच्छे तिमाही नतीजे, निवेशकों की जोरदार खरीदारी भी बताई जा रही है. अब आइए जानते हैं कि आज स्टॉक मार्केट कितने अंकों की तेजी के साथ बंद हुए और 30 शेयरों वाले सेंसेक्स व 50 शेयरों वाले निफ्टी का क्या प्रदर्शन रहा.
1.22% बढ़त के साथ बंद हुआ सेंसेक्स
सबसे पहले बात 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स की करते हैं. इसकी पिछले कारोबारी दिन की क्लोजिंग 77,017.79 थी, जिसमें आज 940 अंकों से अधिक की बढ़त दिखी है. आज सेंसेक्स 77,424.36 पर खुला. इसका आज का हाई 78,022.78 और लो 76,773.25 रहा. मार्केट बंद के दौरान सेंसेक्स 1.22 फीसदी की तेजी के साथ हरे निशान में 940.73 अंकों के उछाल पर दिखा. यह 77,958.52 पर कारोबार करते हुए बंद हुआ.

सेंसेक्स के कुल 30 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं. इनमें इंडिगो 6.60 प्रतिशत, ट्रेंड 3.91 फीसदी और एशियन पेंट 3.56 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए. वहीं, बाकी के इसके 9 शेयर लाल निशान में बंद हुए. इनमें आईटीसी में 0.27 फीसदी, टाइटन में 0.31 फीसदी और HUL में 0.45 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
निफ्टी में 1.24% का उछाल
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. यह बीते कारोबारी दिन पर 24,032.80 पर कारोबार करते हुए बंद हुआ था. आज इसकी ओपनिंग 24,171 पर हुई. इसका आज का हाई 24,356.50 और लो 23,997.90 रहा. मार्केट बंद के दौरान निफ्टी फिफ्टी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में 24,330.95 पर कारोबार करते हुए क्लोज हुआ. मार्केट बंद के समय इसके कुल 50 शेयरों में से 35 में तेजी और 15 में गिरावट दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: 270 रुपये का अंतरिम डिविडेंड पाने का आखिरी मौका, आपके पास हैं इस कंपनी के शेयर? यह है एक्स डेट
