Saudi Arabia Oil Output: दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों पर सबकी नजर है. इसकी वजह है मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और तेल की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. इसी बीच तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक+ ने अक्टूबर में अपने उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी की है. सऊदी अरब इस बढ़ोतरी में सबसे आगे रहा. संगठन के इस कदम से ग्लोबल ऑयल मार्केट में सप्लाई को लेकर कुछ राहत के संकेत मिले हैं. हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव अब भी चिंता का कारण बना हुआ है.
कितना बढ़ा तेल उत्पादन?
ऑर्गनाइजेशन ऑफ द पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (OPEC) की नवंबर मंथली ऑयल मार्केट रिपोर्ट के मुताबिक, OPEC और उसके सहयोगी तेल उत्पादक देशों ने अक्टूबर में रोजाना करीब 20.4 लाख बैरल ज्यादा कच्चे तेल का उत्पादन किया. इसके साथ ही इन देशों का औसत उत्पादन बढ़कर 4.123 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो गया. ये आंकड़ा 2025 के औसत उत्पादन 4.198 करोड़ बैरल प्रतिदिन के करीब है. इससे पहले 2026 की दूसरी तिमाही में उत्पादन गिरकर 3.429 करोड़ बैरल प्रतिदिन रह गया था. तीसरी तिमाही में इसमें सुधार हुआ और ये 3.835 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंच गया.
सऊदी रहा सबसे आगे
अक्टूबर में उत्पादन बढ़ाने में सऊदी अरब की सबसे बड़ी भूमिका रही. रिपोर्ट के सेकेंडरी सोर्स के मुताबिक, देश का तेल उत्पादन रोजाना 11.8 लाख बैरल बढ़कर 91.9 लाख बैरल हो गया. वहीं, इराक ने रोजाना 4.96 लाख बैरल उत्पादन बढ़ाकर 44.9 लाख बैरल कर दिया. कुवैत का उत्पादन भी 2.32 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़कर करीब 20 लाख बैरल पहुंच गया. सीधे देशों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में सऊदी अरब का उत्पादन 1.056 करोड़ बैरल प्रतिदिन रहा. वहीं, सितंबर में ये 83.7 लाख बैरल था. बाजार में उसकी सप्लाई भी बढ़कर 92 लाख बैरल प्रतिदिन हो गई.
आम आदमी की जेब पर फिर पड़ा डाका : मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, अब 76 रुपये लीटर मिलेगा फुल क्रीम
क्यों बढ़ी चिंता?
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार को लगातार प्रभावित किया है. खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अहम समुद्री रास्ते से तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है. दुनिया के कई देशों तक कच्चा तेल पहुंचाने में इस रास्ते की बड़ी भूमिका है. हालांकि, ईरान से जुड़े तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों की उम्मीद से हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी आई है. 12 नवंबर को ब्रेंट क्रूड करीब 1.2 फीसदी गिरकर 91.62 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं, अमेरिकी WTI क्रूड भी 1.2 फीसदी गिरकर 85.49 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.
तेल की मांग बढ़ने का अनुमान
OPEC ने अपनी रिपोर्ट में 2027 के लिए दुनिया में तेल की मांग बढ़ने का अनुमान बरकरार रखा है. संगठन के मुताबिक, अगले साल वैश्विक तेल मांग रोजाना करीब 26 लाख बैरल बढ़ सकती है. इसमें सबसे बड़ा योगदान गैर-OECD देशों का रहने की उम्मीद है, जहां मांग करीब 20 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ सकती है. वहीं, 2026 में तेल की मांग में बढ़ोतरी का अनुमान केवल 2 लाख बैरल प्रतिदिन है. कुल मिलाकर, OPEC+ का बढ़ता उत्पादन बाजार में सप्लाई को मजबूत कर सकता है. लेकिन मिडिल ईस्ट का तनाव, समुद्री रास्तों की सुरक्षा और वैश्विक मांग तय करेंगे कि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों का रुख किस तरफ जाता है. भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों के लिए ये स्थिति खास मायने रखती है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बदलाव का असर ईंधन की लागत और महंगाई पर भी पड़ सकता है.
News Source: ANI
Stock Market की धीमी शुरुआत! FII की खरीदारी और महंगाई पर निवेशकों की नजर
