Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों का जोश हाई नजर आया. सेंसेक्स ने 1,150 अंकों से ज्यादा की लंबी छलांग लगाई. वहीं, निफ्टी 23,000 के बहुत करीब पहुंच गया. आईटी, ऑटो और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को रफ्तार दी. हालांकि, इस तेजी के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों को निराश भी किया. गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,154 अंक यानी 1.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,936 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 329 अंक यानी 1.45 प्रतिशत चढ़कर 22,952 के स्तर पर पहुंच गया.
आईटी शेयरों ने भरा जोश
बाजार की इस शानदार तेजी के बावजूद एक दिलचस्प बात सामने आई. बड़े शेयरों में खरीदारी हो रही थी, लेकिन छोटे और मिडकैप शेयरों में दबाव बना हुआ था. यानी बाजार की चमक हर शेयर तक नहीं पहुंची थी. वैसे, गुरुवार को शेयर बाजार की तेजी के असली हीरो आईटी कंपनियों के शेयर रहे. निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.09 प्रतिशत चढ़ गया. एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 3.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,372.90 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, टेक महिंद्रा के शेयर में 3.28 प्रतिशत की तेजी आई और इसका भाव 1,626.80 रुपये हो गया. इंफोसिस भी 2.67 प्रतिशत चढ़कर 1,117 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया. इसके अलावा टीसीएस का शेयर 2.52 प्रतिशत बढ़कर 2,362.90 रुपये पर पहुंच गया. आईटी कंपनियों में खरीदारी ने सेंसेक्स और निफ्टी दोनों को मजबूत सहारा दिया.
इन शेयरों ने पकड़ी रफ्तार
आईटी के बाद ऑटो सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी ऑटो इंडेक्स में करीब 1.63 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. मारुति सुजुकी का शेयर 2.20 प्रतिशत चढ़कर 11,424 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में 2.15 प्रतिशत की बढ़त हुई. इसका भाव 2,853.90 रुपये दर्ज किया गया. फेस्टिव सीजन के बीच ऑटो शेयरों में आई तेजी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया.
रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था, IMF ने 7 % GDP ग्रोथ रेट का अनुमान लगाया
एयरटेल और रिलायंस
गुरुवार को टेलीकॉम और दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भी जबरदस्त हलचल रही. भारती एयरटेल का शेयर 3.20 प्रतिशत की छलांग लगाकर 1,852.10 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 2.69 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली. इसका भाव 1,206.20 रुपये पर आ गया. इन दोनों दिग्गज कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बड़े इंडेक्स को ऊपर ले जाने में अहम रोल निभाया.
इन शेयरों ने किया निराश
जहां एक तरफ सेंसेक्स और निफ्टी तेजी से दौड़ रहे थे, वहीं कुछ शेयर लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे. ट्रेंट का शेयर 1.22 प्रतिशत गिरकर 2,934.90 रुपये पर पहुंच गया. अदाणी एंटरप्राइजेज में 0.98 प्रतिशत की कमजोरी देखने को मिली और इसका भाव 2,696 रुपये रहा. नेस्ले इंडिया का शेयर 0.60 प्रतिशत गिरकर 1,374.90 रुपये पर आ गया. इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एसबीआई, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, ओएनजीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट जैसे शेयरों में भी मामूली गिरावट देखी गई.
Share Market में तूफानी तेजी! Sensex-Nifty रॉकेट, निर्मला सीतारमण के बयान से चढ़ा बाजार
सरकारी बैंकों में बिकवाली
गुरुवार को सरकारी बैंकों के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला. निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत से ज्यादा गिर गया. एनर्जी और मीडिया सेक्टर के शेयरों में भी कमजोरी रही. दूसरी तरफ प्राइवेट बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल्टी सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली. बाजार की सबसे खास बात ये रही कि सेंसेक्स की बड़ी तेजी के बावजूद स्मॉलकैप इंडेक्स 1.02 प्रतिशत गिर गया. वहीं, मिडकैप इंडेक्स में 0.05 प्रतिशत की मामूली कमजोरी रही. सुबह 11:30 बजे के आसपास करीब 1,539 शेयरों में तेजी थी, जबकि 2,170 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. यानी बड़ी कंपनियों के शेयर बाजार को ऊपर खींच रहे थे, लेकिन ज्यादातर शेयरों में बिकवाली का दबाव बना हुआ था.
मुथूट फाइनेंस में गिरावट
गुरुवार को कुछ बड़ी कंपनियों के शेयर अपने 52 वीक लो लेवल तक पहुंच गए. एमआरएफ का शेयर 1,21,605 रुपये के 52 वीक लो लेवल तक फिसल गया. इसके बाद ये करीब 1,21,740 रुपये पर कारोबार कर रहा था. मुथूट फाइनेंस का शेयर भी 2,547.45 रुपये के 52 वीक लो लेवल तक पहुंच गया. वहीं, वेदांता के शेयर में 1.68 प्रतिशत की गिरावट आई और ये 245.80 रुपये के 52 वीक लो लेवल पर पहुंच गया. इन शेयरों की कमजोरी ने साफ कर दिया कि बाजार में तेजी के बावजूद सभी कंपनियों के लिए माहौल एक जैसा नहीं है.
सोने की कीमत
शेयर बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में भी हलचल देखने को मिली. गुरुवार को सोने की कीमतों में एक प्रतिशत से ज्यादा तेजी दर्ज की गई. स्पॉट गोल्ड 1.3 प्रतिशत चढ़कर 4,158.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 1.8 प्रतिशत की बढ़त आई और इसका भाव 4,180 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया. अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों का असर सोने की कीमतों पर दिखाई दिया.
दिवाली से पहले चीनी ने बिगाड़ा बजट! 6 दिन में 17% तक बढ़े दाम, क्या और महंगी होंगी मिठाइयां?
कच्चा तेल हुआ सस्ता
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. ब्रेंट क्रूड 1.31 प्रतिशत यानी 1.39 डॉलर गिरकर 104.67 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. मिडिल ईस्ट में तनाव और तेल की सप्लाई से जुड़ी चिंताओं के बीच तेल की कीमतों में ये गिरावट आई. हम सभी जानते हैं कि, भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होना देश के लिए राहत भरा संकेत हो सकता है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें तुरंत कम हो जाएंगी.
डॉलर में कमजोरी
अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा महंगाई के आंकड़े सामने आने के बावजूद गुरुवार को डॉलर में कमजोरी देखने को मिली. डॉलर इंडेक्स 0.1 प्रतिशत गिरकर 102.06 पर पहुंच गया. वहीं, यूरो और ब्रिटिश पाउंड में डॉलर के मुकाबले मजबूती दर्ज की गई. निवेशकों की नजर अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली ब्याज दर संबंधी रणनीति पर बनी हुई है.
23,000 का आंकड़ा
गुरुवार की तेजी के बाद शेयर मार्केट निवेशकों की नजर निफ्टी के 23,000 के लेवल पर टिक गई है. आईटी, ऑटो और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में खरीदारी जारी रहती है तो बाजार को आगे भी सहारा मिल सकता है. हालांकि, स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों की कमजोरी बताती है कि बाजार में अभी भी सतर्क रहने की जरूरत है. इंडिया वीआईएक्स में 1.37 प्रतिशत की बढ़त भी बाजार में उतार-चढ़ाव की आशंका का संकेत देती है. यानी गुरुवार का कारोबार बड़े शेयरों के नाम रहा. सेंसेक्स की हजार अंकों से ज्यादा की छलांग ने निवेशकों का उत्साह जरूर बढ़ाया है, लेकिन बाजार की असली मजबूती का पता तब चलेगा, जब तेजी का असर स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी दिखाई देगा.
News Source: ANI
कल की बंपर तेजी के बाद Stock Market ने लगाया ब्रेक, जानें किन शेयरों में मची हलचल
