Share Market Closing: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. सोमवार की गिरावट के बाद बाजार ने ऐसी छलांग लगाई कि निवेशकों के चेहरे खिल उठे. सेंसेक्स 1,109 अंक से ज्यादा उछल गया. वहीं, निफ्टी भी 22,700 के पार पहुंचकर बंद हुआ. आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई. इसके अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स और सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स पर दिए गए बयान से बाजार का माहौल पॉजिटिव हो गया.
सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी
मंगलवार, 13 अक्टूबर को बीएसई सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,033.78 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत उछलकर 22,721.95 पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान बाजार में खरीदारी का अच्छा माहौल रहा. कुल 2,306 शेयरों में तेजी आई, जबकि 1,711 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए. वहीं, 157 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
एक बयान से बढ़ीं उम्मीदें
बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बयान रहा. नई दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में उन्होंने कहा कि LTCG टैक्स और STT को लेकर निवेशकों की राय सुनना जरूरी है. वित्त मंत्री ने संकेत दिया कि सरकार इस मुद्दे पर अलग-अलग पक्षों के विचार सुनने के लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने टैक्स हटाने की कोई घोषणा नहीं की. फिलहाल, 12 महीने से ज्यादा समय तक रखे गए शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड या लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन पर 12.5 प्रतिशत टैक्स लगता है.
रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था, IMF ने 7 % GDP ग्रोथ रेट का अनुमान लगाया
आईटी शेयरों का सहारा
मंगलवार को आईटी सेक्टर बाजार का सबसे बड़ा अट्रैक्शन रहा. निफ्टी आईटी इंडेक्स में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दिखी. टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में करीब 4.6 से 7.75 प्रतिशत तक की बढ़त हुई. एचसीएल टेक के बेहतर तिमाही नतीजों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी सेवाओं की बढ़ती कमाई ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया. कंपनी का प्रोफिट 21.2 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये पहुंच गया.
रियल्टी और FMCG
आईटी के अलावा रियल एस्टेट और FMCG सेक्टर में भी तेजी रही. निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा. हिंदुस्तान यूनिलीवर और ITC के शेयरों में भी हरियाली दिखी. इसके अलावा इंडिया VIX करीब 7.5 प्रतिशत गिरकर 14.12 पर आ गया. हालांकि, वैश्विक बाजारों की कमजोरी और आईटी सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े चैलेंज पर अब भी नजर रखना जरूरी है.
News Source: ANI
Stock Market में लौटी रौनक! Sensex उछला, Nifty 22,500 के पार; जानें तेजी की 4 बड़ी वजहें
