Faridabad Police Station: देश में पुलिस स्टेशनों को लोगों और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बनाया गया है. इनकी वजह से आसपास के इलाके में शांति व्यवस्था कायम रहती है, लेकिन हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस स्टेशन की सुरक्षा पर ही सवाल उठ गए हैं.
जी हां, न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में एक पुलिस स्टेशन से हथियारों की चोरी की खबर है. जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के फरीदाबाद में एक पुलिस स्टेशन से एक-दो नहीं बल्कि कुल 32 लाइसेंसी हथियार गायब हो चुके हैं. इनमें से कई महंगे विदेशी हथियार भी शामिल हैं. पुलिस मामले में एक एएसआई को सस्पेंड कर दी है और हथियारों की बरामदगी के लिए जांच जारी है. आइए जानते हैं पूरा मामला.
हथियारखाने से 32 लाइसेंसी हथियार गायब
जानकारी के अनुसार, यह मामला हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर आठ पुलिस स्टेशन का है. यहां पुलिस के निगरानी में रखे गए 32 लाइसेंसी हथियार मालखाने (हथियारखाने) से चोरी हो गए हैं. यह जानकारी एक अधिकारी ने दी है. स्थानीय निवासियों ने इन हथियारों को सुरक्षित रखने के लिए स्वेच्छा से पुलिस स्टेशन में जमा करा दिया था, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस लिया जा सके.
पीटीआई ने पुलिस सूत्रों से बताया, गायब हथियारों में कई विदेशी निर्मित हथियार भी शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से 10 लाख रुपये के बीच है. इनमें महंगी विदेशी पिस्तौलें भी शामिल हैं.
राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में बेचने की आशंका
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी आशंका है कि ये हथियार राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बेचे गए हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. मालूम हो कि मालखाखे में नियमित जांच के दौरान हथियारों की संख्या में विसंगतियां (कमी) पाई गईं. प्रारंभिक जांच में केवल 13 हथियार गायब पाए गए, लेकिन गहन जांच से पता चला कि यह संख्या बढ़कर 32 हो गई थी. इसके बाद, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एक जांच का आदेश दिया, जिसमें पुष्टि हुई कि 32 हथियार गायब थे.
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- पुलिस आयुक्त
जांच के बाद, मालखाना प्रभारी एएसआई बिजेंद्र सिंह के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने एएसआई सिंह को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है. जांच टीम को वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिले हैं कि मामले से संबंधित जानकारी लीक न होने दी जाए.
फिलहाल, पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती गायब हथियारों को बरामद करना है. पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा, “मामले की जांच चल रही है. हथियारों की चोरी में जिसने भी भूमिका निभाई है, उसे (दोषियों को) बख्शा नहीं जाएगा.”
हरियाणा पुलिस का नया डिजिटल वार: 10,892 अपराधी रडार पर, गैंगस्टरों की नई भर्ती रोकने का प्लान
News Source: PTI
