Welcome to the Jungle Set: बॉलीवुड में अक्सर बड़े-बड़े सेट, महंगे एक्शन सीक्वेंस और करोड़ों के बजट वाली फिल्में बनती रहती हैं. लेकिन सोचिए, अगर किसी फिल्म के सेट पर रोज़ाना करीब 900 लोग मौजूद हों, 50 वैनिटी वैन की लाइन लगी हो और 250 कारों की पार्किंग करनी पड़े, तो नज़ारा कैसा होगा? ये किसी फिल्म का क्लाइमेक्स नहीं, बल्कि अक्षय कुमार की नई फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग का रोज़ का सीन था.
दरअसल, ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ी की तीसरी फिल्म को डायरेक्टर अहमद खान ने जिस लेवल पर बनाया है, वो बॉलीवुड के इतिहास में बहुत कम देखने को मिलता है. पर्दे पर ऑडियन्स को सिर्फ 34 एक्टर दिखाई देंगे, लेकिन कैमरे के पीछे चल रही असली फिल्म उससे कई गुना बड़ी थी.
पर्दे पर 34, लेकिन सेट पर 900
जब ऑडियन्स ‘वेलकम टू द जंगल’ देखेंगे तो उन्हें लगेगा कि इतने सारे एक्टर्स को एक साथ संभालना ही सबसे मुश्किल काम रहा होगा. लेकिन अहमद खान के मुताबिक असली कहानी कुछ और ही है. उन्होंने बताया कि 34 कलाकारों के साथ उनके पर्सनल स्टाफ, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिस्ट, मैनेजर और असिस्टेंट भी शूटिंग सेट पर मौजूद रहते थे. देखा जाए तो हर एक्टर के साथ पांच लोग जुड़े रहते थे. यानी सिर्फ स्टार कास्ट और उनकी टीम मिलाकर करीब 150 लोग ‘वेलकम टू द जंगल’ के सेट पर होते थे. अब इसमें 200 क्रू मेंबर्स, स्टंट टीम, घुड़सवार, टेक्निकल स्टाफ और 150 से 200 बैकग्राउंड डांसर्स भी एड कर लीजिए. यानी रोज 700 से 900 लोगों सेट पर पहुंचते थे. अहमद खान कहते हैं कि फिल्म की शूटिंग कम और हर दिन एक बड़ा म्यूजिक फेस्टिवल प्रोग्राम करने जैसी फीलिंग होती थी.
हर दिन 50 वैनिटी वैन
इतने लोगों को संभालना ही काफी नहीं था. सबसे बड़ा चैलेंज था सभी एक्टर्स की वैनिटी वैन और गाड़ियों के लिए पार्किंग की जगह तैयार करना. अहमद खान ने बताया कि शूटिंग के लिए सिर्फ एक बड़ा ग्राउंड काफी नहीं था. उन्हें दो बड़े ग्राउंड्स की जरूरत पड़ती थी ताकि करीब 50 वैनिटी वैन वहां आराम से खड़ी हो सकें. इसके अलावा जूनियर आर्टिस्ट के लिए अलग होल्डिंग एरिया, यूनिट के लिए केबिन और टेक्निकल टीम के लिए अलग अरेंजमेंट करना पड़ता था. अब जरा सोचिए, एक्टर्स अपनी-अपनी कारों से आते थे, टेक्निशियन अपनी गाड़ियों से, मेकअप टीम की अलग गाड़ियां, हेयर स्टाइलिस्ट की अलग और बाकी स्टाफ के लिए अलग गाड़ियां. यानी हर दिन लगभग 200 से 250 कारें ‘वेलकम टू द जंगल’ के सेट पर पहुंचती थीं. ऐसे में पार्किंग मैनेज करना भी किसी बड़े इवेंट से कम नहीं था.
एक साथ सबकी डेट्स
इतनी बड़ी स्टारकास्ट को एक साथ शूटिंग के लिए बुलाना किसी मैजिक से कम नहीं था. अहमद खान ने बताया कि उन्होंने अपने ऑफिस में एक बड़ा चार्ट बोर्ड लगाया था, जिस पर हर एक्टर की फोटो लगी रहती थी. ऐसा इसलिए ताकि रोज़ उन्हें याद रहे कि किस दिन कौन-सा एक्टर शूटिंग पर आने वाला है. किसी एक्टर से 5 दिन की डेट मिलती थी तो किसी से 8 दिन की. इन्हीं डेट्स् को जोड़कर पूरे शूटिंग शेड्यूल को रेडी किया गया. वैसे, ये किसी जिगसॉ पज़ल को सुलझाने जैसा था, जहां एक छोटी सी गलती पूरा प्लान बिगाड़ सकती थी.
एक्टर्स को देखकर राहत
आमतौर पर किसी फिल्म में 10 से 15 एक्टर्स का होना बड़ी स्टारकास्ट माना जाता है. लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ की टीम के लिए 15 एक्टर्स वाला दिन सबसे ईजी माना जाता था. अहमद खान बताते हैं कि कई बार तो ये भी भूल जाते थे कि कोई एक्टर उस दिन शूटिंग के लिए बुलाया ही नहीं गया था. सेट पर इतनी भीड़ रहती थी कि हर दिन किसी मेले जैसा माहौल होता था.
कैमरे के साथ ईगो भी संभाला
फिल्म बनाना सिर्फ एक्शन और कट बोलना ही नहीं रह गया है. अहमद खान ने माना कि इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ काम करते हुए एक्टर्स की डेट्स, उनकी जरूरतें, डायलॉग, पीआर और कई छोटी-बड़ी बातों का भी ध्यान रखना पड़ता है. उन्होंने कहा कि आज के टाइम में फिल्ममेकर को सिर्फ डायरेक्टर नहीं बल्कि बेहतरीन मैनेजर भी बनना पड़ता है. सभी एक्टर्स को कंफर्टेबल फील कराना और शूटिंग को टाइम पर पूरा करना किसी बड़े टेस्ट से कम नहीं होता.
स्टार्स से सजी फिल्म
‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, फरीदा जलाल, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, उर्वशी रौतेला, श्रेयस तलपड़े और कई बाकी आर्टिस्ट भी हैं. इतनी बड़ी स्टारकास्ट, ग्रेंड सेट और मेगा स्केल को देखकर इतना तो तय है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि बॉलीवुड का एक ग्रेंड तमाशा है. खैर, फिल्म 26 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. ओपनिंग डे पर इस मल्टीस्टारर फिल्म ने 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया.
