Ghaziabad Blast: गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए विस्फोट से आसपास का इलाका दहल गया. धमाके से चौकी में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शनिवार को बताया कि गाजियाबाद में एक पुलिस चौकी पर हुए धमाके में एक व्यक्ति घायल हो गया. इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा. शुक्रवार देर रात हुए इस धमाके से इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए. पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद एक फूड डिलीवरी करने वाला व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया.
आतंकी एंगल से भी पुलिस कर रही जांच
धमाके के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच में आतंकी एंगल को भी शामिल किया जाएगा. पुलिस ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन’ नामक एक संगठन के सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है, जिसने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि फोरेंसिक टीमें भी मौके पर मौजूद हैं. टीम ने वहां से नमूने (सैंपल) इकट्ठा किए हैं. इन नमूनों को जांच के लिए आगरा लैब भेजा गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के लिए CCTV कैमरों की जांच की जा रही है.
कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली : डीसीपी
इस संबंध में डीसीपी रिजुल कुमार ने शनिवार को बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए विस्फोट की शुरुआती जांच में मौके से विस्फोटक सामग्री, बारूद या किसी रासायनिक अवशेष का कोई सुराग नहीं मिला है. ANI के साथ फोन पर बातचीत में डीसीपी रिजुल कुमार ने कहा कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई, जिससे पुलिस चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और उनमें दरार आ गई. किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है. एक डिलीवरी बॉय को कांच का एक टुकड़ा लग गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. वह अब पूरी तरह स्वस्थ है.
ATS और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा
सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-ए-मुजाहिदीन’ नामक एक समूह द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने के दावों के बारे में पूछे जाने पर, डीसीपी रिजुल कुमार ने कहा कि इन दावों की जांच की जा रही है. उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहां से नमूने (सैंपल) एकत्र किए और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया. इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि विस्फोट के समय चौकी के अंदर एक डिलीवरी ब्वॉय और एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे. उन्होंने कहा कि वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय, जो वहां कोई सामान देने आया था, मौके पर मौजूद थे. टूटे हुए कांच के कारण डिलीवरी ब्वाय घायल हो गया. पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही विस्फोट के सही स्वरूप और कारण का पता चल सकेगा.
News Source: ANI
