Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण भिड़ंत हो गई. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात गंभीर जख्मी हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. हादसा पिसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पिहानी रोड पर कोल्हाघाट पुल के पास हुआ, जहां ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्राली पलट गई. पुलिस ने बताया कि कई लोग इसके नीचे फंस गए थे. पुलिस के अनुसार, सभी मृतक पिसावां इलाके के बरीगांव गांव के रहने वाले थे. सभी पड़ोसी हरदोई ज़िले के रायपुर मठिया में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे.
योगी ने की मदद की घोषणा
सर्कल ऑफिसर (महोली) नागेंद्र चौबे ने बताया कि मृतकों में काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22) और सुनीता (40) शामिल हैं. पांचवीं जो 58 साल की महिला है, की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाया और पीड़ितों को बाहर निकाला. CO चौबे ने बताया कि घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वाले लोगों को ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
ट्रक ड्राइवर की तलाश में छापेमारी
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सीओ चौबे ने बताया कि पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश में छापेमारी कर रही है, जो हादसे के बाद मौके से भाग गया था. लखनऊ रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (IG) किरण एस. ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार लग रहा है. उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना है, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई है. कई अन्य लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है. ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए. इस संबंध में पहले ही सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं, और जिम्मेदारी तय करने के लिए आगे भी निर्देश जारी किए जाएंगे.
सख्ती से लागू होगा यातायात कानून : IG
कहा कि यातायात सुरक्षा कानूनों को सख्ती से लागू किया जाएगा. वरिष्ठ अधिकारी ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए हो रहे अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम और इससे जुड़े यातायात नियमों में साफ तौर पर बताया गया है कि किन शर्तों के तहत वाहनों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इस मामले में परिवहन और पुलिस विभाग को मिलकर काम करने की जरूरत है. भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और भी कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे. IG ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सफर करना काफी खतरनाक होता है.
कुशीनगर में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई दिल्ली से बिहार जा रही लग्जरी बस, 3 की मौत, 15 घायल
News Source: ANI
