Lawyer Murder: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में वकील की हत्या से सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि अदालत से लौटते समय उनका अपहरण कर लिया गया. इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई. हत्या की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने रविवार को बताया कि जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र के रहने वाले 67 वर्षीय एक वकील का अपहरण कर हत्या कर दी गई. उनका शव कानपुर के सचेंडी इलाके से बरामद किया गया है.
शुरुआती जांच में जमीन विवाद का मामला
पुलिस के अनुसार, मृतक वकील की पहचान गयादीन अहिरवार के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में मामला जमीन से जुड़े विवाद का लग रहा है. पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शनिवार को गयादीन अहिरवार उरई की एक अदालत गए थे. कालपी लौटते समय उन्होंने अपने बेटे को एक तय जगह पर मिलने के लिए बुलाया. इस दौरान, एक व्यक्ति उनके पास आया और किसी फाइल पर चर्चा करने के बहाने उन्हें एक कार में बैठने के लिए राजी कर लिया. गाड़ी में चार लोग सवार थे. इसके कुछ ही देर बाद वकील का मोबाइल फोन बंद हो गया. जब काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.
तीन संदिग्ध हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपनी सभी टीमों को सक्रिय कर दिया. तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी. तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. उनसे मिली जानकारी के आधार पर, कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र से वकील का शव बरामद किया गया. पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश
शुरुआती जांच से पता चलता है कि मामला जमीन से जुड़े विवाद का है. पुलिस इस सिलसिले में हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. घटना में इस्तेमाल की गई कार और अन्य अहम सबूतों को बरामद करने की कोशिशें जारी हैं. पुलिस ने बताया कि वे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहे हैं. जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है.
जहरीली गैस ने फिर ली जान, उज्जैन में अंडरग्राउंड चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत
