Man Killed Wife And Daughter: कर्नाटक से एक दर्दनाक हत्या की खबर सामने आई है. यहां पति ही नहीं बल्कि एक पिता के रिश्ते को शर्मनाक कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कर्नाटक के बल्लारी क्षेत्र की है. यहां एक आरोपी ने पत्नी के साथ घरेलू विवाद में रिश्ते को तार-तार कर देने वाला आपराधिक कदम उठाया.
उसने विवाद में कथित तौर पर अपनी पत्नी और सात महीने की बेटी की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, घटना को अंजाम देने के बाद उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण भी कर दिया. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
पत्नी के चरित्र पर शक करता था पति- पुलिस
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 28 साल के एक व्यक्ति ने घरेलू झगड़े के बाद कथित तौर पर अपनी पत्नी और सात महीने की बेटी की हथौड़े से हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश्वरी (24) और अश्विनी के तौर पर हुई है.
यह घटना बल्लारी तालुक के अंद्रल इलाके में हुई. पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी होन्नुरप्पा मौके से भाग गया, लेकिन बाद में उसने यहां के एक स्थानीय पुलिस स्टेशन में सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर दिया.
यहां मीडिया से बात करते हुए, पुलिस अधीक्षक (बल्लारी) सुमन पेन्नेकर ने कहा कि यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे से 9.30 बजे के बीच हुई है. दंपति की शादी को लगभग छह साल हो चुके थे. शुरुआती जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि पिछले करीब एक साल से उनके बीच अक्सर घरेलू झगड़े हो रहे थे. आरोपी पर आरोप है कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार शक था.
हथौड़े से महिला और बच्ची के सिर पर वार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के भाई की शिकायत के आधार पर APMC पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. एसपी के अनुसार, मृतक महिला के परिवार वाले, जिसमें उसके भाई भी शामिल हैं, पास के ही घर में रहते हैं. उन्होंने जांच करने वालों को बताया है कि पहले भी जब पति-पत्नी के बीच झगड़े हुए थे, तो उन्होंने बीच-बचाव करके झगड़े सुलझाए थे.
अधिकारी ने कहा, “गुरुवार को पति-पत्नी के बीच झगड़ा बढ़ गया. ऐसा लगता है कि आरोपी ने अपराध करने के इरादे से पहले ही एक हथौड़ा मंगा लिया था. आरोप है कि उसने हथौड़े से महिला और बच्ची के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई.” घटना के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने उसे हिरासत में ले लिया है और अपराध के बारे में और जानकारी पाने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं.” पुलिस ने बताया कि अपराध वाली जगह पर आरोपी की मां भी मौजूद थी. वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि घटना में उसकी कोई भूमिका थी या नहीं. एसपी ने कहा, “अगर सबूतों से उसकी भूमिका साबित होती है, तो उसे मामले में दूसरा आरोपी बनाया जाएगा. वे दोनों अभी हमारी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है.”
आरोपी को लगता था कि बच्ची उसकी नहीं है- पुलिस
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने जांच करने वालों को बताया कि उसने हत्याएं इसलिए कीं क्योंकि उसे लगता था कि बच्ची उसकी नहीं है. अधिकारी ने बताया कि अपनी पत्नी के चरित्र पर बार-बार शक करने के अलावा, वह उससे यह भी कहता था कि बच्ची उसकी नहीं है और आरोप है कि वह इस बात को लेकर उसके साथ मारपीट भी करता था.
उन्होंने कहा, “अब तक मिली जानकारी के अनुसार, अपराध के पीछे यही मुख्य मकसद लगता है. हम अपराध में इस्तेमाल हथियार की भी जांच कर रहे हैं कि क्या उसने इसे खास तौर पर अपराध के लिए खरीदा था और उसने इस काम की तैयारी कब की थी.” एसपी ने आगे कहा, “हम उससे हर जानकारी इकट्ठा करेंगे और उसे पूरी जांच में शामिल करेंगे. हम जल्द से जल्द जांच पूरी करके चार्जशीट दाखिल करेंगे.”
बकरी के चक्कर में आदमी हलाल! चोरी के शक में भीड़ ने पीट-पीटकर की ‘दिलदार’ की हत्या
News Source: PTI
