PRAYAGRAJ CRIME: संगम नगरी प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश परिवार के ही बेटे अभिषेक ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर रची थी. पुलिस के मुताबिक करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात हड़पने की लालच में अभिषेक ने अपने पिता वीरेंद्र वैश्य, मां अनीता वैश्य और बहन मीनाक्षी की निर्मम हत्या कर दी. हालांकि वारदात के बाद लूटे गए जेवरों के बंटवारे को लेकर अभिषेक और उसके दोस्त सनी गुप्ता के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद सनी गुप्ता ने अभिषेक को भी मौत के घाट उतार दिया.
संपत्ति को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. मृतक वीरेंद्र वैश्य ने कुछ वर्ष पहले अपने बेटे अभिषेक को संपत्ति से बेदखल कर दिया था. अभिषेक के पास केवल एक दुकान थी और आर्थिक तंगी के कारण उसका अपने पिता से अक्सर विवाद होता रहता था. इसी रंजिश और लालच में उसने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश बनाई. योजना के तहत रविवार को सनी गुप्ता को घर बुलाया गया. दोनों ने पहले घर में बैठकर बीयर पी और फिर लोहे की रॉड से हमला कर वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी की हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात कब्जे में ले लिए गए. लेकिन इसी दौरान जेवरों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि सनी गुप्ता ने अभिषेक पर भी लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी और अगले दिन घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया. मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर पिछले दो दिनों से बंद है और उसके अंदर से दुर्गंध आ रही है.
आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले. बाद में दूसरे कमरे से अभिषेक का शव भी बरामद हुआ. शुरुआत में पुलिस को शक था कि अभिषेक ही हत्यारा है, लेकिन उसका शव मिलने के बाद जांच का रुख बदल गया. सर्विलांस और कॉल डिटेल की मदद से पुलिस सनी गुप्ता तक पहुंची. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर सनी गुप्ता ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रेम में हैवान बना शख्स! ठाणे में चार साल के मासूम को मां के प्रेमी ने पीट-पीटकर मार डाला
- विकास मिश्रा की रिपोर्ट
