Samastipur Girl Molestation: बिहार के जमुई में लड़की से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि समस्तीपुर से भी इसी तरह की खबर आई है. एक वायरल वीडियो में कुछ युवक सड़क पर चल रही लड़की से छेड़छाड़ कर रहे हैं और उसे गलत तरीक से छू रहे हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और चार आरोपियों को हिरासत में लिया है. पहले जमुई और अब समस्तीपुर की इस घटना ने लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
गुहार लगाती रही लड़की
घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की बताई जा रही है. खबरों के मुताबिक, लड़की बांध बाईपास रोड पर एक युवक के साथ जा रही थी. वह रास्ते में फोटो लेने के लिए रुकी, तभी वहां मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ बदतमीजी शुरू कर दी. आरोप है कि युवकों ने लड़की को गलत तरीके से छुआ और उसके साथ बदसलूकी की. वीडियो में लड़की आरोपियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है.
बताया जा रहा है कि घटना के बाद लड़की किसी तरह भागकर अपने घर पहुंची और अपने परिवार को जानकारी दी. जानकारी मिलने के बाद गांव में भीड़ जमा हो गई. इस बीच, छेड़खानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया
सदर DSP दुर्गेश दीपक ने पुष्टि की कि चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान करने में जुटी है. समस्तीपुर SP अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जमुई कांड में पांच गिरफ्तार
इससे पहले जमुई से भी ऐसा ही एक वीडिया सामने आया था. 19 सितंबर को एक नाबालिग छात्रा अपने दोस्त के साथ लौट रही थी. रास्ते में कुछ युवकों ने उसे पकड़ लिया. उन्होंने लड़की के साथ बदतमीजी और मारपीट की. उसे गलत तरीक से छूआ. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में सियासत भी शुरू हो गई है.
