IIT Student Suicide: देशभर में IIT बॉम्बे के BTech स्टूडेंट साहिल वाकोडे के कथित सुसाइड का मामला सुर्खियों में बना हुआ है. एक अधिकारी ने बताया कि IIT बॉम्बे ने जांच के लिए 10 मेंबर की हाई-लेवल कमेटी बनाई है. कुछ टीवी चैनलों ने बुधवार को एग्जाम हॉल का CCTV फुटेज दिखाया, जिसमें दिख रहा है कि उस दिन एग्जाम हाल में क्या हुआ था. वायरल वीडियो में वाकोडे एग्जाम हॉल की आगे की सीट पर बैठा हैं, तभी एक टीचर उसके पास आते हैं और उसे कुछ बोलते हैं. फुटेज में वह थोड़ी देर के लिए बेंच से उठता है, फिर वापस बैठ जाता है और फिर उठकर बाहर चला जाता है.
क्या है पूरा मामला
पूरा मामला 18 सिंतबर का है. साहिल वाकेड़े पर आरोप है कि उसने परीक्षा में चैट जीपीटी का इस्तेमाल किया. प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला ने उसे चीटिंग करते हुए पकड़ लिया और हाल के बाहर भेज दिया. इसके बाद साहिल ने घर पर आत्महत्या कर ली. खबर सामने आने के बाद प्रोफेसर जातिगत भेदभाव के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है. मृतक के माता-पिता ने उन पर आरोप लगाया है कि वे पहले भी साहिल के साथ जातिगत भेदभाव करते थे. प्रोफेसल डूला के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं.
पिता ने दी धमकी
साहिल के पिता रवींद्र ने कहा कि अगर केस की FIR में नामजद IIT बॉम्बे के अधिकारियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह भूख हड़ताल शुरू कर देंगे. वाकोडे के माता-पिता ने दावा किया है कि साहिल को पिछले 3 महीने से जाति के आधार पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. साहिल ने उन्हें जाति के आधार पर दी गई गालियों के बारे में बताया था. उन्होंने IIT बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष केदारे और डूला की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की. डूला के खिलाफ छात्र संगठन भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके बाद उन्हें डीन के पद से हटा दिया गया.
डूला को छुट्टी पर भेजा गया
सूत्रों ने बताया कि फैकल्टी मेंबर सूर्यनारायण डूला को मामले की निष्पक्ष जांच में मदद के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है. पुलिस ने जनता और मीडिया से साहिल की मौत के संबंध में अटकलें लगाने, गलत जानकारी फैलाने या जल्दबाजी में कोई नतीजा निकालने से बचने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि वह इंसाफ पक्का करने के लिए निष्पक्ष और पूरी जांच करने के लिए तैयार है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मामले की पूरी जांच की मांग की और जोर दिया कि जांच के बाद जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. एक अधिकारी ने कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे के बोर्ड द्वारा बुधवार को गठित जांच पैनल के डूला से भी पूछताछ करने की संभावना है.
साहिल वाकोडे की सुसाइड मामले में नया मोड़! IITBAA बोला- निष्पक्ष हो जांच, न हो ‘मीडिया ट्रायल’
News Source: PTI
