Son Killed Mother: जमीन और पैसों की लालच में लोग अपने रिश्ते भूलकर एक हैवान बन जाते हैं. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. पुलिस ने रविवार को बताया कि एक आदमी ने जमीन को लेकर हुए झगड़े के बाद अपनी 74 साल की मां की बेरहमी से हत्या कर दी. उसने अपनी मां के सिर पर ईंट मारकर कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी. UP के हमीरपुर जिले के चांदपुरवा गांव के रहने वाले आनंदी यादव (52) ने 2013 में जमीनी विवाद के कारण अपने ही छोटे भाई की भी हत्या कर दी थी.
हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा हत्यारा
रामश्री (74) अपने बेटे आनंदी यादव उर्फ जुल्ली के साथ रहती थीं. मां के पास आठ बीघा खेती की जमीन थी और वह अक्सर उन पर इसे बेचने का दबाव बनाता था. शनिवार शाम को भी जमीन के लिए दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिस दौरान बेटे ने उनके सिर पर ईंट-पत्थर से वार किया. गंभीर चोटों से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और शव के पास चार-पांच घंटे तक बैठा रहा. गांव वालों ने शनिवार देर शाम पुलिस को घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर यादव को गिरफ्तार किया और थाने लेकर गई.
जमानत पर बाहर था यादव
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए और डॉग स्क्वायड को भी जांच में शामिल किया गया. सुमेरपुर थाने के SHO पवन पटेल ने कहा कि यादव की अधिकारी ने बताया कि यादव को 2013 में अपने भाई की हत्या के मामले में जमानत मिल गई थी और तब से वह अपनी मां के साथ घर पर रह रहा था. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच और ग्रामीणो के बयान के आधार पर जमीनी विवाद को ही हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस ने कहा कि आरोपी से पूछताछ और जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी.
मां को पहले भी की थी मारने की कोशिश
गांव वालों ने बताया कि 2021 में आनंदी ने अपनी मां से झगड़ा किया था और उसे मारने की कोशिश की थी. मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी. जब पुलिस उसे पकड़ने आई, तो वह छत पर चढ़ गया. उसने फायरिंग की और पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाने लगा. फिर पुलिस पीछे से अंदर घुसी और उसे पकड़ लिया. इतना सब कुछ होने के बावजूद उसे पुलिस और कानून का कई डर नहीं था. आखिर में उसने अपनी मां की जान ले ली.
News Source: PTI
