Spurious Liquor: गुजरात में जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की जान चली गई, जबकि 19 अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं. हादसे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है. गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है. गुजरात एक शराब मुक्त राज्य है, जहां शराब बनाने, बेचने और पीने पर रोक है. भावनगर के कलेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) ब्रांड की नकली शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वरतेज इलाके से आरोपियों को दबोचा
पुलिस अधीक्षक (SP) नितेश पांडे ने बताया कि कुछ दिन पहले खराकड़ी गांव में लोगों के एक समूह ने IMFL ब्रांड की नकली शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्होंने बताया कि इसके बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य लोगों को इलाज के लिए भावनगर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. नीलम बाग पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर डीपी उदानकट ने बताया कि सर टी अस्पताल में संदिग्ध हालात में एक और व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी मौत की सही वजह का पता लगाया जा रहा है. SP पांडे ने बताया कि शहर के वरतेज और अन्य पुलिस स्टेशन इलाकों से शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है.
मध्य प्रदेश से लाई गई थी शराब
उन्होंने कहा कि खराकड़ी गांव के रहने वाले उपेंद्रसिंह गोहिल की सर टी अस्पताल (भावनगर का सरकारी अस्पताल) में मौत हो गई. छह अन्य लोग सर टी और शहर के दो-तीन अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. अधिकारी ने बताया कि इन लोगों की जांच से एक जैसी बात सामने आई है कि उनमें से ज़्यादातर लोगों ने नकली शराब की बोतलों से शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये बोतलें मध्य प्रदेश से सप्लाई की गई थीं. अब इस बात की जांच की जा रही है कि इसे असल में कहां से लाया गया, इसे कैसे बनाया गया और यहां किसने भेजा. उन्होंने कहा कि इन लोगों से पूछताछ के बाद हमने पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात कीं.
कई बोतलें जब्त
इन टीमों ने टेक्निकल सर्विलांस और लोगों की मदद से चार ऐसे शराब तस्करों को पकड़ा जो नकली IMFL ब्रांड की बोतलों की सप्लाई चेन का हिस्सा थे. अधिकारी ने बताया कि इन लोगों के पास से उसी ब्रांड की कई बोतलें ज़ब्त की गई हैं और नकली शराब की सप्लाई में शामिल दूसरे तस्करों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जांच में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की एक टीम भी शामिल थी. SP ने उन लोगों से भी अपील की जिन्होंने नकली शराब की बोतलों से शराब पी थी कि वे डॉक्टर से सलाह लें, भले ही उन्हें सेहत से जुड़ी कोई समस्या न हुई हो.
FBI की वांटेड लिस्ट में मेजर सिंह, जग्गू भगवानपुरिया गैंग से कनेक्शन, ड्रग्स-हथियार तस्करी का आरोप
News Source: PTI
