NEET Paper Leak: शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने NEET पेपर लीक मामले पर विस्तार से चर्चा की. गुरुवार को कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली इस समिति ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी और उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को तलब किया. समिति ने NEET-UG 2026 परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की जांच की प्रगति की समीक्षा की. इसके अलावा NTA में सुधार के लिए बनाई गई ‘के राधाकृष्णन समिति’ की सिफारिशों को लागू करने में हो रही देरी पर NTA से जबाव मांगा.
NTA के DG से पूछे तीखे सवाल
समिति ने पुनर्परीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली. समिति ने NTA अधिकारियों से 21 जून को होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा उपायों का पूरा ब्यौरा मांगा. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक NTA के DG से पेपर लीक की जांच और री एग्जामिनेशन को लेकर कई सवाल पूछे गए. कमेटी के सामने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक की तरफ से बताया गया कि एनटीए की पहली प्राथमिकता इस वक्त 21 जून को होने वाले एग्जाम को सही ढंग से करवाने की है. NTA के डीजी ने कमेटी को बताया कि फिलहाल 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए नए सिरे से पेपर तैयार करने का काम चल रहा है. सूत्रों के मुताबिक बैठक में जब पेपर लीक को लेकर सवाल पूछा गया तो अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि अभी उनके पास बताने को ज्यादा कुछ नहीं है क्योंकि मामले की जांच सीबीआई कर रही है.
समिति ने कहा-नए सत्र में न हो देरी
बैठक के दौरान की सरकार और एनटीए की तरफ से जांच एजेंसी से साफ तौर पर कहा गया है कि पेपर लीक की घटना में जो भी लोग शामिल हैं उनके खिलाफ जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. 21 जून को एक बार परीक्षा हो जाने के बाद कोशिश यह की जाएगी कि नए सत्र में देरी न हो. सूत्रों के मुताबिक बैठक में मौजूद शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने यह भी बताया की 21 जून को एक बार परीक्षा हो जाने के बाद अगले साल होने वाली परीक्षा की पूरी व्यवस्था को लेकर चर्चा की जाएगी जिससे कि भविष्य में इस तरीके की घटनाएं न हो. बैठक सुबह 11 बजे से लेकर 4 तक चली. इसमें एनटीए के डीजी के अलावा शिक्षा मंत्रालय के तमाम आला अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ेंः NEET पेपर लीक: नागपुर में दो छात्रों के घर CBI का छापा, मोबाइल, लैपटॉप और नोट्स जब्त
News Source: PTI
