Paper Leak: महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर लीक होने पर रविवार को होने वाली टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) 2026 को टाल दिया गया है. ठाणे ज़िले के भिवंडी में मारे गए छापे में कुछ लोगों के पास असली प्रश्न-पत्र से मिलते-जुलते कई सवाल पाए गए थे. महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ़ एग्जामिनेशन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि काउंसिल पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्थिति की गंभीरता और गहन जांच की ज़रूरत को देखते हुए 28 जून 2026 को होने वाली परीक्षा को टाल दिया गया है.
ठाणे पुलिस ने कई जगहों पर मारा छापा
ठाणे ज़िला प्रशासन के अनुसार, यह मामला शनिवार तड़के सामने आया, जब भिवंडी पुलिस ने परीक्षा के प्रश्न-पत्रों के बारे में अनधिकृत जानकारी रखने वाले लोगों के बारे में मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई की. ठाणे ज़िला प्रशासन ने बताया कि संदिग्ध जगह पर तुरंत छापेमारी की गई. ज़ब्त की गई चीज़ों की जांच के लिए पुलिस ने महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत बुलाया. बारीकी से जांच करने पर यह पुष्टि हुई कि संदिग्धों के पास मौजूद कई सवाल जून 2026 की TET परीक्षा के लिए तैयार किए गए असली प्रश्न-पत्र से मेल खाते थे. इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है.
जल्द जारी होंगे अपडेटेड शेड्यूल
परीक्षा में गड़बड़ी के प्रति ‘ज़ीरो-टॉलरेंस’ (सख़्त) नीति अपनाते हुए MSCE ने कहा कि पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को इस रैकेट की निष्पक्ष और गहन जांच करने का मौका देने के लिए परीक्षा को टालना ज़रूरी था. परिषद ने उम्मीदवारों से अफ़वाहों पर भरोसा न करने की अपील की है और घोषणा की है कि TET 2026 के लिए संशोधित तारीखें और अपडेटेड शेड्यूल जल्द ही परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे.
नहीं बख्शे जाएंगे दोषीः सीएम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस ने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. मालूम हो कि इसके पहले नीट का भी पेपर लीक हो गया था. जिसपर पूरे देश में आक्रोश फैल गया था. कई छात्रों ने निराशा में आकर खुदकुशी कर ली थी. इसके खिलाफ पूरे देश में आंदोलन हुआ. इसके बाद केंद्र सरकार ने नीट की परीक्षा रद्द कर दी. फिर सरकार ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा परीक्षा कराई.
कक्षा 9 के बच्चे अब पढ़ेंगे SIR: NCERT ने सोशल साइंस में किया शामिल, निष्पक्ष चुनाव की तारीफ
News Source: PTI
