Home Latest News & Updates UP बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी सेः सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच 53 लाख छात्र होंगे शामिल, 75 जिलों में पर्यवेक्षक तैनात

UP बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी सेः सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच 53 लाख छात्र होंगे शामिल, 75 जिलों में पर्यवेक्षक तैनात

by Rajeev Ojha 17 February 2026, 7:23 PM IST (Updated 19 February 2026, 12:00 PM IST)
17 February 2026, 7:23 PM IST (Updated 19 February 2026, 12:00 PM IST)
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी सेः सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच 53 लाख छात्र होंगे शामिल, 75 जिलों में पर्यवेक्षक तैनात

UP Board Exam: यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार (18 फरवरी) से शुरू हो रही हैं. हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी. इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.

UP Board Exam: यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार (18 फरवरी) से शुरू हो रही हैं. हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी. इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. शासन ने परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं. प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं. नकल रोकने को माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने पूर्व मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) लखनऊ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया. मंत्री ने बताया कि यूपी के 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है. इसके अलावा 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है. शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि उड़ाका दल और प्रशासनिक अधिकारी अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण करेंगे.

टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी

परीक्षा में नकल न हो, इसके लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो CCTV कैमरे लगाए गए हैं. सम्पूर्ण परीक्षा अवधि की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी. परीक्षा केन्द्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम हर वक्त सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे. इसके अतिरिक्त सभी 75 जनपदों के प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण कक्ष और उत्तर पुस्तिका सीलिंग-पैकिंग कक्ष की भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी.परीक्षा के दौरान छात्रों और अभिभावकों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए लखनऊ में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 एवं 18001806608 भी जारी किए गए हैं. इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के टोल-फ्री नंबर 18001805310 एवं 18001805312 भी काम करेंगे. कहा गया है कि ईमेल, फेसबुक, एक्स हैंडल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराए जा सकेंगे.

1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त

प्रयागराज मुख्यालय के साथ-साथ वाराणसी, मेरठ, बरेली और गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं. परीक्षा में नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. आकस्मिक स्थिति के लिए सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सेट डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं. उत्तर पुस्तिकाओं में चार रंगों में क्रमांक, परिषद का लोगो तथा सूक्ष्म “UPMSP” अंकन सहित विशेष सुरक्षा फीचर जोड़े गए हैं, जिससे अदला-बदली की संभावना समाप्त हो सके. शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए 8033 केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. साथ ही 69 मंडलीय और 440 जनपदीय सचल दल गठित किए गए हैं. शासन स्तर से सभी 75 जनपदों और 18 मंडलों के लिए राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गई है.

ये भी पढ़ेंः JEE Main Result: 12 स्टूडेंट ने हासिल किया 100 परसेंटाइल, टॉपर श्रेयस ने डिलीट किए थे सोशल मीडिया ऐप्स

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?