Aamir Khan Gauri Spratt Wedding: आज 5 जुलाई को बॉलीवुड एक्टर और मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान ने अपनी गर्लफ्रैंड गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है. आमिर की यह तीसरी शादी है. इससे पहले उन्होंने पहली शादी 1986 में फिल्म प्रोड्यूसर रीना दत्ता से की थी. उनके दो बच्चे हैं – जुनैद और इरा खान. 2002 में दोनों ने तलाक ले लिया था. उसके बाद साल 2005 में, आमिर ने डायरेक्टर किरण राव से दूसरी शादी की और 2021 में दोनों अलग हो गए. अब 61 वर्षीय आमिर ने गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की है. ये दोनों लंबे समय से रिलेशन में थे.
उनकी यह शादी बहुत ही सिंपल और परिवार के सदस्यों के बीच कुछ खास मेहमानों की मौजूदगी में हुई. इस निजी समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी भी शामिल हुए.
आमिर की शादी में ये हस्तियां हुईं शामिल
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता आमिर खान ने आज रविवार को अपने घर पर आयोजित एक निजी समारोह में गौरी स्प्रैट से शादी की. इस समारोह में करीबी परिवार के सदस्य और फिल्म व उद्योग जगत के दोस्त व हस्तियां शामिल हुईं.
मुंबई शहर में भारी बारिश के बावजूद, शादी की तैयारियां योजना के अनुसार जारी रहीं. इस खास समारोह में “लगान” के फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर, हास्य अभिनेता वीर दास, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और उद्योगपति मुकेश अंबानी समेत अन्य हस्तियां शामिल हुईं.
शादी के पेपर्स पर साइन
अभिनेता की टीम द्वारा शेयर की गई तस्वीर को देखकर लगता है कि समारोह सादा था. तस्वीर में आमिर, परिवार के सदस्यों से घिरे हुए, प्रैट के साथ विवाह पत्र (शादी के पेपर्स) पर साइन करते दिख रहे हैं. प्रैट का बेटा दंपति (आमिर और प्रैट) के बीच में बैठा हुआ दिखा. बता दें कि गौरी स्प्रैट का पिछली शादी से एक बेटा है.
आमिर ने 2025 में किया था खुलासा
मालूम हो कि आमिर खान ने 2025 में अपने 60वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर स्प्रैट को मीडिया से मिलवाया था. तब उन्होंने खुलासा किया था कि उस समय वे एक साल से अधिक समय से रिलेशन में थे. हालांकि, वे एक-दूसरे को करीब 25 साल से जानते थे. आमिर ने बताया था कि वह मुंबई में थीं और हम अचानक मिले, हम टच में रहे और फिर यह सब अपने आप हो गया.
बेंगलुरु की रहने वाली ब्यूटी और वेलनेस सेक्टर में काम करने वाली गौरी स्प्रैट का पिछली शादी से एक बेटा है. इस समारोह में राजनेता राज ठाकरे और गीतकार प्रसून जोशी भी उपस्थित थे.
पहली मोहब्बत के लिए लिखा खून से लेटर, अब तीसरे प्यार से कर रहे शादी, बड़ी फिल्मी रही आमिर की लव लाइफ
News Source: PTI
