Home Latest News & Updates बिहार में बाढ़ का कहर: 15 जिलों की करीब 50 लाख आबादी बेहाल, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां

बिहार में बाढ़ का कहर: 15 जिलों की करीब 50 लाख आबादी बेहाल, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां

by Sanjay Kumar Srivastava 14 September 2026, 9:45 PM IST
14 September 2026, 9:45 PM IST
बिहार में बाढ़ का कहर: 15 जिलों की करीब 50 लाख आबादी बेहाल, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं प्रमुख नदियां

Bihar Flood: बिहार में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है. राज्य के 15 जिलों में लगभग 49.67 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में अब तक 112.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से छह प्रतिशत अधिक है. नेपाल और बिहार के कई इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं.

गंगा, घाघरा, बूढ़ी गंडक में बढ़ रहा जलस्तर

राज्य के पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया प्रभावित ज़िले हैं. सोमवार शाम 6 बजे भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा नदी 36.19 मीटर के स्तर पर बह रही थी, जो खतरे के निशान से 1.69 मीटर ऊपर था. कोसी नदी बलतारा और कुरसेला में, बूढ़ी गंडक खगड़िया में, गंगा दीघा, गांधी घाट, हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव और मुंगेर में, पुनपुन श्रीपालपुर में, बागमती बेनीबाद में और घाघरा दरौली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी.

SDRF और NDRF तैनात

प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों में 1,248 कम्युनिटी किचन और 13 राहत कैंप चला रहा है. कैंप में लगभग 11,508 लोगों के लिए रहने, खाने, मेडिकल सुविधा और दूसरी ज़रूरी व्यवस्थाएं की गई हैं. आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि वाल्मीकि नगर में गंडक नदी पर बने बैराज से सोमवार शाम 4 बजे 1,09,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया और पानी का स्तर बढ़ रहा था. बीरपुर में कोसी बैराज से 1,63,315 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि इस साल 20 जुलाई को सबसे ज़्यादा 2,55,425 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए अलग-अलग ज़िलों में स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की 27 और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की 10 टीमें तैनात की गई हैं.

तेजस्वी का आरोप- केंद्र नहीं कर रहा मदद

इस बीच, बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र पर बाढ़ राहत के मामले में राज्य के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया. यादव ने आरोप लगाया कि गुजरात को मामूली बाढ़ के बाद भी भारी मदद मिलती है, जबकि बिहार में 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है, मवेशी लापता हुए हैं, हज़ारों करोड़ का नुकसान हुआ है और लगभग 45 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. उन्होंने कहा कि न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के लिए किसी राहत की घोषणा की है.

बाढ़ से त्रस्त बिहार! 16 लाख लोग प्रभावित, खतरे के निशान से ऊपर गंगा, CM ने लिया हालात का जायजा

News Source: PTI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?