Russia-Ukraine War: नाटो (NATO) ने यूक्रेन को अपना समर्थन और बढ़ाने का वादा किया है, जबकि रूस के खिलाफ अपनी पूर्वी सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने का संकल्प लिया है. यह घोषणा नाटो के सेक्रेटरी-जनरल मार्क रुटे ने सोमवार को ब्रसेल्स स्थित मुख्यालय में की. मार्क रुटे ने यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास हुए हालिया रूसी ड्रोन हमलों को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बढ़ती हताशा और डर फैलाने की कोशिश बताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुतिन नाटो देशों की एकता को तोड़ने और यूक्रेन की मदद रोकने में कभी कामयाब नहीं होंगे. यह बयान तब आया है जब पोलैंड ने यूक्रेन सीमा पर रूसी ड्रोन गिरने के बाद अपनी सुरक्षा बढ़ा दी है.
यूरोपीय सीमाओं पर अभियान तेज कर सकता है मॉस्को
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने चेतावनी दी कि मॉस्को आने वाले हफ्तों में यूरोपीय सीमाओं पर अपना अभियान तेज कर सकता है, जिसका असर पोलिश क्षेत्र पर भी पड़ सकता है. इस बीच, पोलैंड के रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश ने जानकारी दी कि बाल्टिक तटीय गांव के पास एक संदिग्ध रूसी ड्रोन बरामद किया गया है. रूस अब यूक्रेन के सुरक्षा घेरे को तोड़ने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों और उन्नत जेट ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में तनाव अत्यधिक बढ़ गया है.
NATO वायु सेनाएं कार्रवाई करने में सक्षम
पोलिश अधिकारियों ने कहा कि खुफिया रिपोर्टों से पता चलता है कि रूस सीमावर्ती इलाकों पर हमला कर सकता है और यूरोपीय देशों के अंदर तोड़-फोड़ की कार्रवाई तेज कर सकता है. ऐसा वह इसलिए कर सकता है ताकि यूक्रेन का समर्थन करने वाले सहयोगियों को रोका जा सके. टुस्क ने कहा कि वह संभावित संयुक्त जवाबी कार्रवाई की तैयारी के बारे में NATO सहयोगियों से सलाह-मशविरा करेंगे. पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने गठबंधन की सैन्य ताकत पर जोर देते हुए कहा कि अगर रूस NATO के खिलाफ आक्रामकता दिखाता है, तो यूरोपीय NATO वायु सेनाएं बिना अमेरिकी भागीदारी के यूक्रेन की तुलना में तेजी से रूस की आधी तेल रिफाइनरियों को नष्ट करने में सक्षम होंगी. रक्षा उप मंत्री सेज़री टॉमज़िक ने रविवार के ड्रोन हमलों को रूस की ओर से तनाव बढ़ाने वाली गंभीर घटना बताया.
ड्रोन हमले से डरने वाले नहीं : यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ की शीर्ष राजनयिक काजा कल्लास ने सोमवार को कहा कि पोलैंड की सीमा के पास ड्रोन हमले स्पष्ट रूप से पश्चिमी देशों को यूक्रेन का समर्थन करने से डराने के मकसद से किए गए थे. उन्होंने कहा कि हमें यह दिखाना चाहिए कि हम यूक्रेन के साथ हैं और हम डरते नहीं हैं. उधर, ट्रंप ने रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से रूसी तेल रिफाइनरियों और डीज़ल के उत्पादन और वितरण में इस्तेमाल होने वाले अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने को कहा. उन्होंने कहा कि इन हमलों की वजह से दुनिया भर में कमी हो रही है. उन्होंने यह बात तब कही जब शुक्रवार को अमेरिका में डीज़ल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं और औसतन 6 डॉलर प्रति गैलन से ऊपर चली गईं.
रूस के तेल ठिकानों पर हमले के लिए ट्रंप ने जेलेंस्की को लगाई फटकार, कहा- एक काम करो…
News Source: PTI
